






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 दिसंबर 2024। पूरे अंचल में ही नहीं प्रदेश भर में ये पंचायत भवन विशेष नजर आ रहा है। अत्याधुनिक स्ट्रक्चर व सुदंर निर्माण आकर्षक है और ग्राम सभा का ये स्थान गांव के विकास के आयाम का साक्षी बनेगा। ये बात कही विधायक ताराचंद सारस्वत ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत मोमासर में पंचायत भवन का लोकार्पण करते हुए। विधायक ने भवन की सराहना करते हुए समारोह में वक्ता के रूप में अपने एक वर्ष के कार्यकाल में किए गए कार्य गिनवाए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध करवाने की प्राथमिकता बताते हुए एक वर्ष में अनेक स्थानों पर ट्यूबवैल का निर्माण करवाने की बात कही। विधायक व सरपंच सरिता देवी संचेती ने भवन का लोकार्पण किया। वहीं बस स्टैंड पर नवनिर्मित विश्रामालय का लोकार्पण इस भवन के निर्माता आनंद डागा ने किया। लोकार्पण समारोह में पंचायत भवन के निर्माण कर्ता भामाशाह कन्हैयालाल जैन के संदेश वाचन किया गया। गांव की बहू व हनुमानगढ़ की भाजपा नेत्री पुष्पा नाहटा ने वर्तमान सरपंच सरिता देवी संचेती के कार्यकाल में हुए कार्यों की जानकारी देते हुए इसे गांव के विकास का स्वर्णिम काल बताया। साहित्यकार श्याम महर्षि ने वर्तमान सरपंच के कार्यों की सराहना करते हुए पूरे उपखंड के लिए इसे प्रेरणीय बताया। मंच पर अतिथि के रूप में तहसीलदार कुलदीप मीणा, बीडीओ मनोज धायल, दानदाता सुशील कुहाड़ भी मौजूद रहें। समारोह में केएल जैन के प्रतिनिधि हंसराज पटावरी, आनंद डागा, सुशील कुहाड़, पुष्पा नाहटा, महेंद्र संचेती, करणीदान नाहटा, नगराज तातेड़, भौमराज डागा, नोरतनमल सेठिया, बंशीधर शर्मा, हीराराम खटीक, गोमदराम बैरा, रामूराम गोदारा, मनोज कुमार संचेती, मोहित कुमार, सरपंच व विधायक सहित गांव के भामाशाहों, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। उपसरपंच जुगराज संचेती ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का संचानल सत्यदीप भोजक ने किया। कार्यक्रम में गजानंद प्रजापत, गोपी नाई, विद्याधर शर्मा, भंवरलाल डागा, मूलचंद इंदौरिया, राजू गूर्जर, गोविंदराम सेठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। समारोह से पूर्व भवन की फुलों से सुंदर सजावट की भी गई।
विधायक से की मांग, पानी व सड़क मिले ग्रामीणों को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता विद्याधर शर्मा ने बताया कि विधायक ताराचंद सारस्वत से ग्रामीणों वाया मोमासर जोरावरपुरा से आड़सर की सड़क की पूरजोर मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की मोमासर ही नहीं आस पास के गांवो के ग्रामीणों की भी इस सड़क की सबसे जरूरी मांग है। अनेक ग्रामीणों ने मोमासर में चार ट्यूबवैल निर्माण करवाने की मांग भी रखी जिससे पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से हो सकें। इस पर विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




