May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अक्टूबर 2021। कोरोना के बाद त्योहारी सीजन आने पर बाजार, ग्राहक, व्यापारी, घरेलू महिलाएं सभी उत्साहित है परन्तु इस रंग में भंग डालने का काम कर रहें है शातिर चोर व जेबकतरें। क्षेत्र के नागरिक इससे सावधान होवे व अपने रूपयों व गहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें क्योंकि चेन तोड़ने, जेब काटने के अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को तोलियासर भैरव मंदिर में जहां तीन चेन तोड़ने की घटनाएं हुई वहीं सोमवार को रिड़ी बिग्गाजी मंदिर में भी महिलाओं ने लाखों रूपयों के गहने गवां दिए है। महिलाओं के साथ ये वारदातें अंजाम भी महिलाएं ही दे रही है। गांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिग्गाजी मेले में करीब दस ऐसी वारदातें हुई जिनमें महिलाओं ने अपने गहने गंवाए। ऐसे ही प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां के आगमन पर कस्बे में पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा सहित कई नेताओं की जेबों पर जेबकतरों ने हाथ साफ किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां करीब रात 8:00 बजे नोरंगदेसर पहुंचे और भाजपाईयों ने यहां स्वागत किया। गांव के मोहनराम मेघवाल यहां जेबकतरों का शिकार बन गए और उनकी जेब से 17000 रूपए निकाल कर जेबकतरों ने उन्हें चुना लगाया। अब त्योहारी सीजन में बाजार में भीड़भाड़ रहेगी और ये जेबकतरें व चोर भी सक्रिय रहेंगे। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने कहा है कि आमजन जागरूक हों और सतर्क रहें ताकि उनकी मेहनत की कमाई का नुकसान नहीं होवें। नागरिक बैंक से निकले या बाजार जावे उनका कोई पीछा करें तो तुरंत जान पहचान की जगह रूक कर किसी को सूचित करें। शिवराण ने कहा कि कोई अजनबी अधिक नजदीक आए तो पहले ही सचेत रहें जिससे आपका कोई आर्थिक नुकसान नहीं पहुंचा सकें।