May 21, 2026
000010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 सितम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के डिमांड भर चुके किसानों को कनेक्शन हेतु सामान देने, विभिन्न जीएसएसों पर 3.15 एमवीए के स्थान पर 5 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर लगाने, 3.15 एमवीए के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लगाने, नए फीडर स्वीकृत करने, पुराने फीडरों की लाईनें बदलने, स्वीकृत किए गए पावर ट्रांसफार्मरों को सुचारू चलाने के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध करवाने सहित छह घंटे पूरी बिजली की मांग को लेकर शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया ने किसानों के साथ मिल कर विद्युत विभाग के बीकानेर स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में आंदोलनरत है। महिया निगम अधिकारियों पर किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हो गए। किसानों की मांगों के उचित समाधान हेतु प्रयास नहीं करने पर महिया किसानों के साथ कार्यालय के भीतर ही धरने पर बैठे हुए है एवं रात भर वहीं डटे रहने का निर्णय लिया है। महिया शुक्रवार सुबह किसानों के साथ एसई कार्यालय पहुंचें थे एवं घेराव कर क्षेत्र के किसानों की 30 मांगें रखी थी। मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर महिया किसानों के साथ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। दिन भर धरना चलने के बाद भी मांगों के निस्तारण के संबध में ठोस प्रयास नहीं हुए तो महिया ने अधिकारियों को कार्यालय के भीतर ही घेर लिया है एवं रात भर कार्यालय में ही डटे रहने का फैसला किया है। महिया ने बताया कि किसानों को ट्रांसफार्मर व विद्युत सामान सहित बिजली मांगो को पूरा नहीं किए जाने तक धरना जारी रखने की घोषणा की है। महिया ने कहा कि विभाग द्वारा किसानों की मांगों पर संज्ञान शीघ्र नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। महिया के साथ टेऊ सरपंच सुनिल दुगलिया, सत्तासर सरपंच सुनिल मलिक, देराजसर पूर्व सरपंच दानाराम भादू, आड़सर क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष मोडाराम तर्ड सहित अनेक किसान नेता मौजूद है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों के साथ कार्यालय में ही बैठे विधायक महिया।