






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मई 2022। पेट्रोल डीजल के बाद महंगी सब्जियों व खाद्य तेल, गेहूं की कीमतों में ईजाफा होने के बाद आज रसोई पर महंगाई की मार ओर बढ़ गई है। गैस सिलेंडर के दाम एक हजार को पार कर गए है और आमजन महंगाई की मार से त्रस्त हो रहा है। तेल-गैस कंपनियों ने आज घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए प्रति सिलेंडर का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद राजस्थान में घरेलू गैस सिलेंडर 1003.50 रुपए का हो गया है। पहली बार ऐसा होगा जब रसोई गैस सिलेंडर के लिए 1000 रुपए देने होंगे। वहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 9 रुपए की कमी की है, जिसके बाद आज से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 2364.50 रुपए प्रति सिलेंडर मिलेगा। करीब 7 दिन पहले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 102.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इस साल रसोई गैस की कीमत में ये दूसरी बार इजाफा हुआ है। इससे पहले मार्च में कंपनियों ने 50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। पेट्रोल-डीजल के अलावा खाद्य पदार्थ जैसे आटा, कुकिंग ऑयल, दाल महंगी होने के कारण मध्य वर्ग के लोगों का बजट बिगड़ता जा रहा है। क्योंकि केन्द्र सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देना बंद कर दिया है।
श्रीडूंगरगढ़ में हुए ये भाव, बंद है सब्सिडी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ गैस एंजेसी के संचालक दिनेश शर्मा ने टाइम्स को बताया कि श्रीडूंगरगढ़ में गैस सिंलेडर के भाव आज 1013 रूपए हो गए है। बता देवें बढें हुए दाम आज से ही लागू हो गए है और क्षेत्र में आमजन बढतें दामों से परेशान है। ध्यान रहें केन्द्र सरकार ने अप्रैल 2020 में लॉकडाउन लगने के बाद रसोई गैस पर दी जाने वाली सब्सिडी को बंद कर दिया था। अप्रैल 2020 तक लोगों को रसोई गैस पर 147 रुपए की सब्सिडी मिलती थी, लेकिन मई 2020 के बाद से अब तक सब्सिडी बंद है। मई 2020 में बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 583 रुपए में मिलता था, जो अब बढ़कर 1003 रुपए का हो गया है।




