May 21, 2026
0000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 फरवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों एवं इन सड़क हादसों में दम तोड़ती जिंदगियों को बचाने के लिए लंब नींद के बाद आखिर शनिवार को क्षेत्र का प्रशासन जागा और इस संबध में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की विशेष सड़क सुरक्षा बैठक उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सड़कों पर सुरक्षा नियमों की गफलत एवं विभिन्न व्यवस्थाओं में कमियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को त्वरित प्रभार से रोकथाम के लिए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपखण्ड अधिकारी उमा मित्तल ने बताया कि बैठक में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी, पुलिस विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगरपालिका एवं प्रशासन के अधिकारियों को शामिल किया गया एवं दुर्घटनाओं के सभी संभावित पहलुओं पर विचार करते हुए 26 दिशा निर्देश अलग अलग विभागों को दिए गए है एवं सभी की डेट-लाईन तय कर कार्य पूर्ण करने एवं वर्तमान स्थितियों में बदलाव करने के निर्देश दिए गए है।
यह दिए निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी को श्रीडूंगरगढ़ शहरी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सर्किल को दुरूस्त करवा कर बरसाती पानी की निकासी करवाने, नेशनल हाईवे पर बने हुए अवैध कट, टूटी तारबंदी को 10 मार्च तक ठीक करवाने, सर्किल पर दोनो तरफ जेब्रा मार्किंग करवाने, घूमचक्कर के पास बने स्थाई डिवाईडर को मैटल या मजबुत सामग्री से बनवाने, भारी वाहनों की निकासी के लिए सर्किल तोड़ने पर तुरंत पूर्व आकार एवं रूप में बनवाने, हाईवे पर जहां रोड़ मार्किंग नहीं है वहां पर मार्किंग करवाने एवं सड़क पर पड़े गढ्ढों को भरवाने, हाईवे पर बंद पड़ी रोड़ लाईटों को तरुंत सही करवाने, पेट्रोल पंपों एवं होटलों के पास हाईवे पर अवैध कट बदं करवाने एवं अवैध पार्किंग पर कार्रवाही करने, हाईवे पर डिवाईडर के बीच पौधे लगाने एवं नियमानुसार देखरेख करने, शेरूणा में हाईवे टूटी तारबंदी, बेरीकेटिंग को दुरूस्त करने, अवैध कट 10 मार्च तक दुरूस्त करने और हाईवे पर निर्धारित दूरी तक हो रखे अतिक्रमणों को हटवाने के लिए नोटीस जारी करने के निर्देश दिए गए है। इसी प्रकार नगरपालिका को हाईवे पर दोनो और लगे हुए अवैध ठेलो व अतिक्रमण को स्थाई रूप से हटाने, अतिक्रमियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाही करने, पालिका क्षेत्र में हाईवे पर नियमित सफाई करवाने, पालिका क्षेत्र में बाजार एवं अन्य सार्वजनिक जगहों पर दुकानों, होटलों के अतिक्रमण हटवाने, पालिका क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाने, बाजार में अवैध ट्रेफिक जमाव को कम करवाने के निर्देश दिए गए है। इनके अलावा सार्वजनिक निर्माण विभाग को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिन्हिकरण कर संबधित प्राधिकरण से आवश्यक साईन बोर्ड, रोड मार्किंग करवाने, शेरूणा-सडूसर ग्रामीण सड़क पर गढ्ढों को दुरूस्त करवाने, ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई का पानी सड़कों से आवश्यक दुरी के लिए समझाने, ग्रामीण सड़कों पर सिचांई की पाईपलाईन सड़क पार करवाने के लिए सड़क खोदने वालों पर कार्रवाही करने, सड़कों के आस पास उगी हुई कंटीली झाडियों को साफ करवाने के निर्देश दिए गए है। इसी प्रकार पुलिस विभाग को हाईवे के दोनो और सर्विस रोड़ व शहर में चिकित्सालय, मुख्य बाजार, पंचायत समिति, तहसील कार्यालय के पास अवैध पार्किंग हटवाने, अवैध अतिक्रमण हटाने में नगरपालिका व अन्य विभागों का सहयोग करने, अवैध यातायात को नियंत्रित करने, सड़क सुरक्षा से संबधित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से करवाने और हादसे होने के बाद लगने वाले जाम को तुरंत खुलवाने, वाहनों को नियमानुसार हटवाने के निर्देश दिए गए है।
क्या लागू हो पाएंगें यह निर्णय..?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की चर्चाएं काफी बार होती है और अधिकारियों द्वारा निर्देश भी कई बार दिए जा चुके है। लेकिन अधिकांश निर्देशों की तो पालना ही नहीं हो पाती एवं अगर पालना करवाई भी जाए तो बस खानापुर्ती के जैसे। ऐसे में हाईवे पर अवैध कट, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, होर्डिंग, क्षतिग्रस्त सड़कें जैसे क्षेत्र के लिए स्थाई रूप से व्यवस्था में शामिल हो गए है। यहां जयपुर रोड़ पर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने बने अवैध कट के कारण अनेकों दुर्घटनांए हो चुकी है लेकिन प्रशासन की आंखें अभी तक खुली नही है। ऐसे में हर दिन हो रहे हादसे क्षेत्रवासियों की जिंदगी लील रहे है।