






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 नवबंर 2021। श्रीडूंगरगढ़ में आज संविधान दिवस पर कई आयोजन सम्पन्न हुए है। विद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का वाचन प्रार्थना सभा में करवाया गया और संविधान निर्माता के रूप में बाबा साहेब के योगदान की जानकारी दी गई। राजकीय महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा कांग्रेस व राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन द्वारा अंबेडकर को श्रद्धाजंलि दी गई व 26/11 के आतंकी हमले में शहीदों को पुष्पाजंलि अर्पित की गई।
ठुकरियासर में प्रस्तावना का वाचन हुआ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देश की आने वाली पीढ़ी संविधान की मूल भावना को समझ सकें व उस पर चल कर संविधान की सुरक्षा का संकल्प ले सकें इसलिए क्षेत्र के गांव ठुकरियासर के राउप्रावि में प्रधानाचार्य विमला गुर्जर के निर्देशन में सभी विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया गया। स्कूल स्टॉफ द्वारा प्रस्तावना का अर्थ समझाते हुए संविधान की मूल भावना पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को डॉ. बी.आर. अंबेडकर का संविधान निर्माता के रूप में योगदान भी बताया गया।
राजकीय महाविद्यालय में प्रतियोगिता का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में आज “डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारतीय अर्थव्यवस्था” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता प्रभारी श्रीमती राजश्री स्वामी ने बताया कि जिलास्तर पर विजेता को 5100 रूपए की राशि से पुरूस्कृत किया जाएगा। महाविद्यालय के प्राचार्य सुनिल दत्त व्यास ने बताया कि महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया जिसमें विद्यार्थियों को वोटर हेल्पलाइन एप के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
अंबेडकर को दी श्रद्धाजंलि, शहीदों को पुष्पाजंलि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संविधान दिवस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए सरदारशहर रोड स्थित अंबेडकर स्मृति भवन में बाबा साहेब की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी गई। इस दौरान कांग्रेस नेता केसराराम गोदारा, राजेन्द्र बापेऊ, विमल भाटी, सरपंच अमराराम गांधी, मूलाराम थोरी, हनुमानसिंह गोदारा, बुधाराम गांधी, उदाराम मोटसरा उपस्थित रहें। यहां बाबा साहेब अमर रहें के नारे भी गूंजे।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन द्वारा गांधी पार्क में 26/11 के हमले में शहीद हुए नागरिकों को पुष्पाजंलि अर्पित की गई। यहां कार्यकर्ताओं ने दो मिनिट का मौन रखा व संविधान पर चर्चा करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी पुष्प अर्पित किए। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष ललितसिंह ओड, शहर अध्यक्ष संतोष विनायकिया, तहसील अध्यक्ष श्रवणसिंह पुनदलसर सहित राजेश शर्मा, हनुमान माली, मुकेश जोशी, कोजाराम रेगर, गोरखनाथ सिद्ध, विमल शर्मा, रूपसिंह पुनदलसर उपस्थित रहें।
नीचे दिए विडियो में आप भी संविधान दिवस पर भारतीय संविधान की पूरी प्रस्तावना सुने, इन छात्राओं के साथ तथा भारतीय संविधान की सुरक्षा का संकल्प लेंवे। आप श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज को लाइक करें व यूट्युब चैनल को सब्सक्राइब करें जिससे आप श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की सभी खबरों से अपडेट रहने के साथ ही महत्वपूर्ण आयोजनों से जुड़ सकें।






