






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 नवम्बर 2021। आज बीकानेर में कोरोना के 6 पॉजिटिव सामने आए है और अब 11 एक्टिव केस हो गए है। राजस्थान सरकार के गृह विभाग ने एक बार फिर कोरोना नियंत्रण को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। नई गाइडलाइन के मुताबिक अब स्कूल-कॉलेज में बच्चों को ऑफलाइन क्लासेस के लिए मजबूर नहीं किया जा सकेगा। स्कूलों को ऑफलाइन क्लासेस के साथ-साथ ऑनलाइन क्लास भी चलानी होंगी। इसके साथ ही स्कूलों में प्रार्थना सभाओं पर रोक लगा दी गई है। स्टाफ को बिना स्क्रीनिंग के प्रवेश नहीं दिया जाएगा और स्कूल-काॅलेजों की कैंटीन बंद रहेगी। सभी स्टाफ के लिए वैक्सीन के दोनों डोज लगाना अनिवार्य हाेगा। गृह विभाग की ओर से शुक्रवार दोपहर को जारी हुए आदेश के अनुसार स्कूल में किसी एक के भी पॉजिटिव आने पर स्कूल या संस्था को 10 दिन के लिए बंद कर दिया जाएगा। टीकाकरण के साथ-साथ मास्क अनिवार्य होगा। कक्षाओं के खिड़की दरवाजे खुले रखे जाएं, क्लासरूम व सामान्य सुविधाओं के स्थानों को नियमित सेनेटाइज किए जाने के आदेश दिए है। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर प्रतिबंध लगाया गया है। किसी बच्चे के बीमार होने की सूचना अभिभावक प्रबंधन को देंगे तथा किसी में कोविड के लक्षण होने पर तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाए जाने के निर्देश दिए है। गाइडलाइन पालना के लिए शिक्षा विभाग अधिकारी व स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही सभी प्रकार की भीड़भाड़ वाले आयोजनों में दो गज दूरी व मास्क जरूरी की पालना किए जाने तथा कोविड उपयुक्त व्यवहार करने के निर्देश दिए गए है।



