






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ में जैन समाज के युवाओं द्वारा एक नई पहल करते हुए हर पेट को भोजन के लिए एक नया प्रयास प्रारंभ किया है। दशहरे के पावन पर्व पर समाज में कोई जरूरतमंद भूखा ना सोए इस उद्देश्य के साथ श्री जैन भोजनालय का शुभारंभ किया गया है। साध्वी संगीतश्रीजी और साध्वी डॉ परमप्रभाजी के सान्निध्य में रानी बाजार में मालू भवन के पास ही इस भोजनालय का उद्घाटन किया गया। जिसमें जैन समाज सहित नगर के अनेक मौजिज लोग शामिल हुए। युवाओं ने बताया कि भोजनालय की स्थापना का उद्देश्य शहरवासियों को शुद्ध, सात्विक व घर जैसा भोजन उपलब्ध करवाना है। युवा टीम द्वारा जैन सिद्धांतों के अनुरूप सादगी, स्वच्छता व पौष्टिकता को ध्यान में रखकर इसका संचालन किया जाएगा। यहां नौकरीपेशा, विद्यार्थियों, यात्रियों व वृद्धों की नित्य जरूरत को ध्यान में रखते हुए मात्र 60 रूपए में टिफिन सुविधा भी प्रारंभ की गई है। जिसमें 60 रूपए की रियायती दर पर शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। उद्घाटन में शामिल नगर के गणमान्य लोगों ने इस पहल की खूब सराहना की और इसे मानव सेवा का अद्वितीय प्रयास बताया।
जरूरतमंद को नि:शुल्क भोजन, लाभ नहीं समाज में दया व प्रेम का विस्तार करना है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवा टीम ने बताया कि सबल को रियायती दरों में शुद्ध व सात्विक भोजन सहज रूप से उपलब्धता भोजनालय में सुनिश्चित की गई है। वहीं जैन समाज के जरूरतमंद, जो बेसहारा है और भोजन पाने में अक्षम है, ऐसे दीनबंधुओं को नि:शुल्क भोजन करवाया जाएगा। इसका निर्धारण करने के लिए जैन युवाओं की एक टीम का गठन किया जाएगा जो उसकी पात्रता जांच करेगी। जांच में सही पाए जाने पर उस दीनबंधु के भोजन की यहां व्यवस्था की जाएगी। युवा टीम ने बताया कि इस भोजनालय का उद्देश्य लाभ कमाना नहीं बल्कि समाज में दया व प्रेम का विस्तार करना है। भोजनालय का उद्देश्य है नौकरीपेशा, कामकाजी व विद्यार्थियों को शुद्ध व सात्विक भोजन मिल सकें।
होगा योजना का विस्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवाओं ने बताया कि जैन समाज परोपकार के कार्यों में अग्रणी रहता है। श्री जैन भोजनालय में फिलहाल जैन समाज के निर्बल लोगों के नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं इस योजना का विस्तार किया जाएगा। अन्य समाजों में भी निर्बल लोगों के लिए इसे शीघ्र ही लागू किए जाने की योजना है। जिसमें पात्रता जांच के बाद जरूरतमंद के भोजन की व्यवस्था की जाएगी। युवा टीम द्वारा आपसी सहयोग से ये प्रकल्प शुरू किया गया है जिसमें विस्तार के साथ सहयोग का विस्तार भी किया जाएगा।





