






जाखड़ मिले पूर्व सीएम से, सरपंच चुनाव कराए जोन की मांग की, मूंगफली तुलवाई में पारदर्शिता की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के युवा नेता हेतराम जाखड़ मंगलवार को जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिले और सरपंच चुनाव के बारे में विस्तृत चर्चा की। जाखड़ ने बताया कि उन्होंने गहलोत को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सरपंचो की भावनाओं से अवगत करवाते हुए सरपंच चुनाव समय पर करवाने की मांग की। जाखड़ ने चुनाव नहीं करवाने को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कांग्रेस द्वारा विधानसभा में पूरजोर आवाज उठाने की मांग की। जाखड़ ने श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी में समर्थन मूल्य पर हो रही मूंगफली खरीद को लेकर चल रहें भ्रष्टाचार की जानकारी दी। जाखड़ ने पूर्व सीएम से कहा कि खरीद में पारदर्शिता के लिए व्यवस्था की जाए। गहलोत ने सरपंच चुनाव व सरकारी खरीद के मामले में सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

झंझेऊ राउमावि में रिक्त पदों को भरा जाए, बाना ने दिए पत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव झंझेऊ के नवक्रमोन्नत रामावि में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं पीसीसी सदस्य हरीराम बाना ने शिक्षा मंत्री सहित प्रारंभिक, माध्यमिक शिक्षा निदेशक व जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं से पूर्व रिक्त पद भरने की मांग की। बाना ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल में शिक्षकों के पद रिक्त होने से छात्र छात्राओं को अध्ययन संबंधित अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस मांग को लेकर छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों में भंयकर आक्रोश व्याप्त है, ऐसे में शीघ्र शिक्षक नियुक्ति कर राहत दी जाएं।



