






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ घुमचक्कर सर्किल पर हाइवे के मध्य से 100 फ़ीट दूरी तक हाइवे भूमि होने के कारण संभागीय आयुक्त के निर्देशों पर चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान अब न्यायालय द्वारा स्टे खारिज करने के बाद पुनः सिरे चढ़ेगा। विदित रहे कि श्रीडूंगरगढ़ कस्बा क्षेत्र में हाइवे पर 192 अतिक्रमण थे और अधिकांश अतिक्रमण हटा दिये गए थे। यहां पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपने अतिक्रमण खुद ही हटा लिए थे। लेकिन इस हाइवे भूमि क्षेत्र में 75 फ़ीट की दूरी पर नगरपालिका का पट्टा धारक लोगों ने न्यायालय का सहारा लिया था। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को मिली जानकारी के अनुसार न्यायालय ने 18 लोगों को स्टे दिया था और इन 18 में से 13 की सुनवाई सोमवार को हुई और न्यायालय ने स्टे खारिज कर दिए है। इस सबन्ध में विस्तृत आदेश शाम 5 बजे तक सामने आएगा जिसमे पता चलेगा कि इन अतिक्रमणों पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी या इन्हें स्वयं हटाने के लिए समय दिया गया है।



