






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मार्च 2023। कोरोना काल में गांव में बढ़चढ़ कर सेवाएं देने, किसी की मदद के लिए हर समय तैयार रहने, किसी भी जागरण या सामाजिक आयोजन में अग्रिम पंक्ति में कार्य करने, एमए.बीएड. कर किसानी करने वाले जिंदादिल युवा मनीराम आज सुबह अकाल मौत का शिकार हो गया। इस खबर पर गांव मिंगसरिया में किसी को भरोसा ही नहीं हो रहा है। तीन भाईयों में सबसे छोटे और लाडले को खो देने के बाद मृतक की पत्नी व माता-पिता सहित भाईयों का बुरा हाल है। गांव के युवाओं में खासे लोकप्रिय मनीराम के घर ग्रामीण सांत्वना देने उमड़ रहें है और हर किसी की आंख नम है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र मेघवाल ने बताया कि मुनीराम की मौत से गांव की युवा शक्ति को गहरा धक्का लगा है और पूरा गांव गमजदा है।
बिजली ने छीन लिया घर का चिराग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरदाराराम जाट के खेत में आज सुबह 5 बजे बिजली आई और ट्यूबवैल चलाने के लिए गया उनका पुत्र मनीराम लौट कर नहीं आया। मनीराम के 34 वर्षीय भाई अर्जुनराम ने थाने में मर्ग दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि स्टार्टर में फ्यूज डालते समय 32 वर्षीय मनीराम को करंट लग गया। परिजन उसे लेकर श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचे परन्तु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और गांव में शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।



