May 20, 2026
000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अप्रैल 2026। झंवर बस स्टैंड के पास स्थित एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायाधीश सरिता नौशाद ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए किशोर व युवा बच्चों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक व सतर्क रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास के साथ बढ़ते इंटरनेट प्रयोग के आधुनिक जीवन में ये खूब उपयोगी है परंतु इसके इस्तेमाल में की गई चूक बड़ी नुकसानदायक साबित हो सकती है। आज जरूरी है कि बच्चे, किशोर व युवा साइबर सुरक्षा जागरूकता अपनाए। उन्होंने बताया कि किसी की निजी जानकारी प्राप्त करना, जानकारी मिटाना, उसका गलत इस्तेमाल करना, ऑनलाइन बैंक खातों से रूपए चुराना आदि साइबर अपराध है। इनसे सुरक्षा अपनाना जागरूकता है। कार्यक्रम में एडवोकेट राधेश्याम दर्जी मोबाइल के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बच्चों को मोबाइल का इस्तेमाल सावधानी पूर्वक करने की बात कही। डॉ रजनीश कौशिक ने आधुनिक तकनीकों के उपयोग में सावधानी बरतने की बात समझाई। डॉ कौशिक ने न्यायाधीश सरिता नौशाद का शॉल, श्रीफल व फुलमाला से सम्मान किया। इस दौरान स्कूल के स्टाफ व सभी विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।