May 21, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2025। क्षेत्र के प्रसिद्ध संत मौनी बाबा के आश्रम में सावन के तीसरे सोमवार को श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर व बीकानेर सहित दूर दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनार्थ पहुंचे। आश्रम में आज विधिवत शिव महाभिषेक के साथ धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के साथ भगवान शिव का जल, दूध, शहद व पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद कन्या पूजन व भंडारे का आयोजन किया गया। कन्याओं को भोजन के बाद उपहार देकर आशीर्वाद लिया गया। श्रद्धालुओं के लिए भी भंडारे की व्यवस्था की गई थी, जिसमें सैंकड़ो लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक अखंड कीर्तन का आयोजन संपन्न हुआ। दिन भर श्रद्धालु भक्ति व सेवा में तत्पर रहें। आयोजकों ने श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की। मौनी बाबा ने कीर्तन स्थल पर सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद भी दिया। महादेव तावणियां ने बताया कि आज के भंडारे के सहयोगी लूणकरणसर, आड़सर के सरपंच विश्वनाथ सिद्ध रहें। वहीं गुसाईंसर बड़ा के सरपंच सत्यनारायण सारस्वा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए।