






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 फरवरी 2025। फिल्मी स्टाइल में बिग्गा के निकट स्कॉर्पियो को टक्कर मार कर रूकवाया और गाड़ी में सवार तीन जनों का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले का खुलासा थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी द्वारा कर दिया गया है। स्वामी ने बताया कि रविवार शाम को उन्हें सूचना मिली की कैंपर सवार अज्ञात बदमाशों ने सुरपुरा नोखा निवासी सुंदरलाल पुत्र मालचंद ब्राह्मण उसके 10 वर्षीय पुत्र पीयुष व भागीरथ पुत्र गोपाकिशन ब्राह्मण निवासी नोखा मंडी का अपहरण कर लिया व परिजनों से 15 लाख रूप्ए फिरौती मांग रहें है। इस सूचना पर सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक व थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी ने अलग अलग टीमों का गठन किया। श्रीडूंगरगढ़ से जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी करते हुए आरोपियों की तलाश प्रारंभ की। स्वामी ने सड़क मार्गों के साथ कच्चे रास्तों पर भी मुखबीरों की तैनाती की। स्वामी ने बताया कि एएसआई राजकुमार, कांस्टेबल अनिल मील, आनंद, इंद्रचंद व डीआर रामनिवास ने गाड़ी की लोकेशन के अनुसार गाड़ी का पीछा किया। श्रीडूंगरगढ़ व सेरूणा पुलिस की संयुक्त नाकाबंदी पर अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा व पीड़ित तीनों को उनके चंगुल से आजाद करवाया। पुलिस ने डकैतों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। स्वामी ने बताया कि आरोपी 30 वर्षीय कन्हैयालाल पुत्र नानूराम उर्फ राजेन्द्र प्रसाद ब्राह्मण निवासी हेमासर, नापासर थाने का हिस्ट्रीशिटर रामस्वरूप पुत्र लिछुराम जाट निवासी तेजरासर, 22 वर्षीय मोहित जाट निवासी तेजरासर को गिरफ्तार कर लिया है। स्वामी ने बताया कि तीनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।




