May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अगस्त 2020। गत 25 जुलाई को बीकानेर से एक युवक को गांव बिग्गा बुला कर उसके साथ मारपीट करने व युवक की मृत्यु हो जाने के मामले का खुलासा श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने कर दिया है। घटना के बाद युवक के परिजनों द्वारा दर्ज करवाए गए मामले में रुपयों के लेन देन में हत्या करने का आरोप लगाया गया था लेकिन मामले की जांच में प्रकरण प्रेम प्रसंग में की गई ऑनर किलिंग का सामने आया है। मामले के जांच अधिकारी व श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि मृतक युवक बीकानेर निवासी नारायण उर्फ नरेश गहलोत का बिग्गा निवासी युवती के साथ तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था एवं इसकी जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने अपनी इज्जत के लिए युवक को सबक सिखाने की योजना बना ली। घटना में नामजद मुल्जिम एवं युवती के भाई भैंरू गिरी ने वारदात की योजना बनाई थी एवं युवती को बहला फुसला कर युवक को गांव बुलाने के लिए राजी कर लिया। परिजनों ने युवती से कहा कि वो युवक से शादी करवाने की बात करेगें उसे गांव बुला लो, युवती ने युवक को गांव बुला लिया तो पहले से घात लगा कर तैयार परिजनों ने उसे बंधक बना लिया और उसे जबरदस्त शारीरिक यातनाएं देकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने योजना बनाने वाले नामजद अभियुक्त भैंरू गिरी, उसके ममेरे भाई आशीष गिरी को गुरूवार को दबोच लिया था एवं दोनों जनों को शुक्रवार सुबह न्यायालय में पेश कर चार दिनों का रिमांड लिया गया है। इससे पूर्व भैंरू के पिता लक्ष्मण गिरी एवं उसके साले को गिरफ्तार कर लिया गया था।