May 19, 2026
6f4ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 दिसम्बर 2020।सर्दियों में ठंडक और संक्रमण से बचने के लिए आप अपने आहार में कुछ खास खाद्य पदार्थों को शामिल कर सकते हैं। सोंठ भी उनमें से एक है। लेकिन इससे पहले कि हम आपको सोंठ के सेवन के फायदे बताएं, जान लेते हैं क्या है सोंठ।

 

सोंठ से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी जो आपको पता होनी चाहिए

सूखी अदरक के पिसे हुए पाउडर को सोंठ कहते हैं। सोंठ की तासीर भी अदरक की तरह ही गर्म होती है। यही कारण है कि सोंठ का बहुत कम मात्रा में सेवन करना फायदेमंद होता है। सोंठ का अधिक सेवन करने से सीने में जलन, पाचन संबंधी रोग और डायरिया होने का जोखिम बढ़ जाता है।

 

सोंठ के फायदे की बात करें तो अदरक की तरह ही सोंठ में आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फाइबर, सोडियम, विटामिन ए, विटामिन सी, जिंक, फोलिक एसिड, फैटी एसिड, पोटेशियम जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। जो हमारे इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के साथ हमारे शरीर को मौसमी बीमारियों जैसे खांसी-जुकाम के अलावा माइग्रेन जैसी अन्य गंभीर रोगों से बचाते हैं।

अब जानिए क्‍यों जरूरी है सर्दियों में सोंठ का सेवन

1. सिर दर्द से देती है राहत

सर्दियों में जरा सी ठंडक भी भयंकर सिर दर्द का कारण बन सकती है। सोंठ का सेवन करने से इस सिर दर्द के अलावा माइग्रेन की वजह से होने वाले दर्द में भी राहत मिलती है। असल में सोंठ में आयरन जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। जिसकी वजह से शरीर का ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मस्तिष्क में ऑक्सीजन सही मात्रा में पहुंचती है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ साइंस के अध्ययन के अनुसार सोंठ के नियमित सेवन से अल्जाइमर का जोखिम कम हो सकता है और लक्षणों से भी छुटकारा मिलता है।

 

2. पेनकिलर का भी काम करती है सोंठ

सूखी अदरक पर हुए कई शोधों के अनुसार, सोंठ में दर्द कम करने वाले औषधीय तत्व पाए जाते हैं। इसलिए सोंठ को नेचुरल पेनकिलर भी कहा जाता है। सोंठ की चाय पीने से पीरियड्स में होने वाले दर्द में आराम मिलता है। सोंठ लगभग सभी तरह के क्रैम्प से राहत दिलाने में कारगर है।

 

3. पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद है सोंठ

सोंठ का नियमित रुप से सेवन करने से पाचन तंत्र सुचारु रुप से काम करता है। अगर आप रोजाना पेट संबंधी बीमारियों यानि गैस, अपच से परेशान रहती हैं, तो आपके लिए अदरक या सोंठ का सेवन करना लाभदायक रहेगा। साथ ही ये मेटाबॉलिक रेट को भी बढ़ाता है, इससे वजन कम करने में मदद मिलती है। सोंठ का सेवन आप खाना बनाने या गर्म दूध के साथ भी कर सकती हैं।

4. कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करती है सोंठ

वेबमेडी ऑनलाइन जर्नल के अनुसार सूखी अदरक का पाउडर या सोंठ का नियमित सेवन करने से शरीर का कोलेस्ट्रॉल लेवल और ब्लड शुगर स्‍तर नियंत्रण में रहते हैं। इससे हृदय से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है।

5. उल्टी और मॉर्निंग सिकनेस से निजात दिलाती है सोंठ

जर्नल न्यूट्रिशन में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक गर्भावस्था में सोंठ का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। यही कारण है कि गर्भवती महिलाओं को सोंठ के लड्डू खाने की सलाह दी जाती है। इससे पेट के रोगों के अलावा मॉर्निंग सिकनेस और घबराहट से निजात मिलती है।

 

6. इम्युनिटी के लिए भी करें सोंठ का सेवन

सोंठ का सीमित मात्रा (1-2 चुटकी) में सेवन करने से शरीर की इम्युनिटी मजबूत होती है। इसे आप दूध, गर्म पानी या शहद के साथ ले सकती हैं। इसके सेवन से शरीर में ऊष्मा भी बढ़ती है। जिससे शरीर मौसमी बीमारियों से लड़ने में सक्षम होता है। क्योंकि सोंठ में एंटी इंफ्लेमेंटरी और एंटीबायोटिक तत्व पाए जाते हैं।