






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2020। कोरोना प्रसार की गंभीरता जिले में हर और देखने को मिल रही है। जिले में नोखा, लूणकरणसर, पूगल, अर्जुनसर, कालू आदि में कोरोना प्रसार के बाद वहां की जनता प्रशासन के साथ कदम से कदम मिला कर कोरोना के खिलाफ कोरोना फाइटर बनी हुई है। लेकिन विडम्बना ही है कि श्रीडूंगरगढ़ में 14 लोगों के एक साथ कोरोना विस्फोट होने के बाद भी यहां के आमजन कोरोना के प्रति लापरवाही बरत रहे है। हालात यह है कि बिग्गाबास के जिस स्वर्णकार परिवार के सभी सदस्य कोरोना पॉजिटिव आए है उनके सटकर पडौस में रहने वाले लोग भी आज बाजार में अपनी दुकानें खोल कर बैठे है। प्रशासन ने भले ही पॉजिटिव लोगों के घरों के आस पास कर्फ्यु लगा दिया है लेकिन पॉजिटिव के पडौसी इस कर्फ्यू को केवल वाहनों के लिए मान रहे है। इन गलियों में बैरिकेटिंग करने के बाद गलियों में से वाहन तो नहीं निकल पा रहे है लेकिन इन मोहल्लों के लोग बेधडक बैरिकेटिंग पार कर बाजार में आवागमन कर रहे है। कोरोना संक्रमित लोगों के निकट सम्पर्क में आए लोगों को भी बाजार में अपनी दुकानें खोल कर व्यापार करते हुए देखा जा रहा है। इससे भी बडी लापरवाही का प्रमाण यह रहा कि गत दिनों बनी जनरल मर्चेंट ऐसोसीएशन ने शाम सात बजे तक दुकानें बंद करने का प्रस्ताव पारीत किया था लेकिन इस एसोसीएशन से जुडे दुकानदार रात नौ बजे तक बाजार में अपनी दुकानें खोले हुए रख रहे है। दिन, रात बाजार की दुकानें खोल कर व्यापार करने वाले व्यापारियों को सोचना होगा कि शहर के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर व्यापार आखिर कब तक चल पाएगा? कोरोना को देखते हुए जिले में लगभग सभी जगहों पर बाजार खोलने का समय व्यापारियों ने अपने स्तर पर ही तय कर लिया है एवं प्रशासन से सहयोग मांगा है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ में इसका उलटा हो रहा है यहां पर प्रशासन व्यापारियों से बार बार सोशल डिस्टेसिंग की अपील कर रहा है एवं बाजार में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
लूणकरणसर से हम भी सीखें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई। कोरोना के प्रति लापरवाही बरती तो यह जानलेवा साबित होगा। विशेषज्ञों की इस बात को समझ कर लूणकरणसर के निवासियों ने अपनी मातृभूमि के प्रति अपने समस्त स्वार्थ छोड दिए है। और लूणकरणसर की जनता इसके लिए पुरे जिले में रोल माडल बन रही है। यहां पर गत 6 जुलाई को 24 जने संक्रमित आए थे एवं वहां की जनता, व्यापार मंडल ने बिना प्रशासन के हस्तक्षेप के अपने स्तर पर ही जनता लाकडाउन की घोषणा कर दी। लूणकरणसर में व्यापारियों ने आपसी सहमती से ही कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए 12 जुलाई तक का लाकडाउन कर दिया। यही कारण रहा कि स्वास्थ्य अधिकारी भी लूणकरणसर की जनता द्वारा कोरोना प्रसार को रोकने के लिए किए गए प्रयासों का मुक्तकंठ से प्रशंसा कर रहे है। लूणकरणसर की तर्ज पर ही नोखा में व्यापारियों ने सर्वसम्मति से सुबह नौ बजे से दो बजे तक, पूगल में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक, अर्जुनसर में दोपहर तीन बजे तक, कालू के व्यापारियों ने सुबह नौ से दो बजे तक ही बाजार खुलने का समय तय कर दिया है। सभी जगहों पर लोग अपने अपने क्षेत्र को कोरोना प्रसार से बचाने के लिए कमर कस चुके है एवं अब बारी है श्रीडूंगरगढ़ की। यहां के जागरूक लोग भी अब व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों की और उम्मीद की नजर से देख रहे है कि अब श्रीडूंगरगढ़ को भी सुरक्षित करने के लिए यहां की जनता केवल प्रशासन से मांग करने के बजाए खुद पहल कर अपनी भागीदारी निभाए।




