






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ में इस बार भारी बरसात के कहर के साथ अब आकाशीय बिजलियां गिरने की घटनाएं भी सामने आने लगी है। पर्यावरण बदलने के संकेतों के बीच नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ ही देर पहले बिजली कड़कने का भयंकर स्वर कस्बे वासियों ने सुना है ये बिजली कस्बे में ही दो जगह कहर बनकर गिरी है। घास मंडी से ऊपर की ओर हनुमान मंदिर के पास चौराहे पर बिजली पोल पर आकाशीय बिजली गिरी जिससे आस पास खास नुकसान नहीं पहुंचा है। परंतु लखासर भैरव मंदिर के पास भयंकर नाद के साथ विनोद सेवग के घर के ऊपर लगे लोहे के पोल पर बिजली गिरी जिससे पोल उखड़ने के साथ ही छत में गहरा गढ्ढा बन गया तथा घर के सारे बिजली उपकरण जल कर नष्ट हो गए है। बिजली का असर घर की बिजली लाइन में ऐसे दौड़ा की सभी प्लग व होल्डर टूट कर उछले व दूर जा गिरे। सभी पंखे, ए.सी., इनवर्टर जल गया है। यहां तक कि पड़ौसी विजयराज सेवग के घर का इन्वर्टर भी प्रभावित हुआ। मिस्त्री लीलाधर सुथार ने बताया कि लाखों का नुकसान हो गया है तथा बिजली फिटिंग व बिजली उपकरणों सहित रिपेयरिंग में खासा खर्च परिवार को झेलना पड़ेगा।








