






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 मार्च 2021। महंगी फीस के बाद भी शिक्षक नही, इसी विडम्बना से परेशान श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सोमवार को आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। नेशनल हाइवे स्थित श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में वाणिज्य वर्ग के छात्रो ने एसएफआई के आह्वान पर तालाबंदी कर दी। कालेज में शिक्षक देने और नियमित पढाई शुरू करवाने की मांग पर छात्र करीब 2 माह से प्रबंधन तक अपनी बात पहुंचा रहे थे। लेकिन सुनवाई नही होने पर आक्रोशित छात्रों ने सोमवार को तालाबंदी कर दी। करीब 2 घण्टे तक कालेज के गेट पर तालाबंदी के बाद छात्रों ने कॉलेज से लेकर एसडीएम कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए आक्रोश रैली निकाली। एसडीएम कार्यालय पहुंच कर छात्रों ने प्रसाशन को ज्ञापन दिया और महाविद्यालय प्रबंधन में हस्तक्षेप कर शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की।
एसएफआई महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष गौरव टाडा ने बताया कि महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी लगातार 2 महीने से शिक्षकों की मांग को लेकर आंदोलनरत है लेकिन महाविद्यालय प्रशासन ध्यान नही दे रहा,परीक्षा आने वाली है ओर इस कारण विद्यार्थियों में रोष है। छात्रो ने बताया कि अगर फीस समय पर नही जमा करवाई जाती है तो छात्रो पर दबाव बनाया जाता है लेकिन जब छात्र शिक्षकों की मांग करते है तो उन्हें कॉलेज से बर्खास्त करने व मुकदमे करने की धमकी दी जाती है। आंदोलनरत छात्रों ने 2 दिनों में शिक्षक नही लगाने पर अनिश्चित कालीन तालाबंदी हड़ताल करने की चेतावनी दी है। छात्रों की अगुवाई गोपी पूनिया, मघाराम मेघवाल, प्रवीण माली, राधेश्याम सुथार, विकास मेहरा, सुरेंद्र रैगर, कमलकिशोर माली, कुणाल नाई, पवन स्वामी, महेश महिया, रघुवीर शर्मा, सुनील प्रजापत, अंकित माली, शिवनारायण शर्मा, मिलन शर्मा, रवि जांगिड़, नेमीचंद, नरेंद साँखला आदि छात्रनेताओं ने की।






