






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में इन दिनों लंबे समय से लंबीत पड़ी सड़कों की सुध सरकार द्वारा ली गई है। लूणकरणसर-सरदारशहर स्टेट हाईवे के गांव नक्कोदेसर से सीधे गांव आडसर में श्रीडूंगरगढ़-सरदारशहर स्टेट हाईवे को एवं यहां से मोमासर होते हुए लाछडसर फांटे पर नेशनल हाईवे 11 को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य जारी है। यह बहुप्रतिक्षित सड़क क्षेत्र के गांव सुरजनसर में अतिक्रमणों के चलते उलझ गई है एवं ग्रामीणों द्वारा ठेकेदार एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग पर अतिक्रमण बचाने के लिए सॉफ्ट होने का आरोप लगाते हुए धरना लगा दिया गया है। धरने को आज तीन दिन हो गए है और ग्रामीणों ने काम भी बंद करवा रखा है। धरने पर मौजूद मुखराम डूडी ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान गांव सुरजनसर की सार्वजनिक भूमि पर स्थित अतिक्रमणों को छोड़ा जा रहा है एवं इस कारण सड़क निर्धारित चौड़ाई की नहीं बन पा रही। ऐसे में ग्रामीणों में रोष है एवं कम चौडाई के रास्ते के कारण आए दिन यहां हादसे होते रहते है। नई सड़क निर्माण के दौरान अस्थाई रूप से बनाई गई सड़क भी संकरी होने के कारण भारी वाहन गांव में नहीं पहुंच पा रहे है एवं निर्माण सामग्री आदि गांव के बाहर ही उतार रहे है। वहीं कम चौड़ाई के कारण कई वाहन पलट भी रहे है। वहीं दूसरी और इस संबध में सानिवि विभाग के सहायक अभियंता रामनिवास शर्मा ने बताया कि सड़क की चौड़ाई 18 फीट एवं उसके दोनो और 5-5 फिट के बरम का निर्माण किया जाएगा एवं इससे कम किसी भी सूरत में नहीं रहेगी। अभी निर्माण चल रहा है एवं ऐसे में धरने का कोई औचित्य नजर नहीं आ रहा। हालांकी इस संबध में अभी तक उनके पास कोई सूचना भी नहीं आई है।
शिकायतों पर नहीं दिया ध्यान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीण मुखराम डूडी ने बताया कि अतिक्रमणों को हटवाने की मांग का शिकायत पत्र प्रशासन को भी दिया गया था लेकिन राजनैतिक प्रभाव से कोई कार्रवाही नहीं हुई। गत 14 मई को उपखण्ड अधिकारी की रात्रि चौपाल में यह शिकायत देकर रसीद भी ली गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाही नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
पेयजल सप्लाई भी बाधित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सड़क के निर्माण केदौरान पेयजल सप्लाई लाईन भी तोड़ दी गई है एवं इस कारण ग्रामीण और ज्यादा परेशान हो रहे है। सरपंच ओमप्रकाश सारस्वत ने बताया कि पेयजल सप्लाई लाईन को सड़क निर्माण के बाद पुन: सही करने की जिम्मेदारी संबधित ठेकेदार की ही है एवं सड़क निर्माण में हो रही देरी के कारण ग्रामीण परेशान हो रहे है। इस संबध में ठेकेदार एवं सानिवि अधिकारियों को सूचना दे दी गई है एवं सड़क के जल्द निर्माण के बाद पाईपलाईन सही करवाने की मांग की गई है।




