






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितंबर 2025। शुक्रवार को कस्बे के बाजार में रेहड़ी ठेला, मनीहारी संचालकों व प्रशासन के बीच दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा। सुबह बाजार में पालिका व पुलिस दल पहुंचा। यूनियन ने ठेला संचालकों के कांटे उठाकर जीप में डाल लेने के आरोप दल पर लगाए। मौके पर पहुंचे एसएफआई नेता मुकेश ज्याणी, गौरव टाडा, ताहिर काजी, जावेद बेहलीम पहुंचे और जमकर विरोध जताया। लंबे विरोध के बाद नगर पालिका व पुलिस प्रशासन का दल लौट गया। मुकेश ज्याणी ने बताया कि ठेला, रेहड़ी व मनीहारी संचालक अपनी रोजी रोटी चला रहें है और उनके साथ अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। प्रशासन इन गरीबों को स्थाई स्थान उपलब्ध करवाए। बता देवें शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे व दोपहर करीब 3 बजे दोनों पक्षों के बीच खासा हंगामा हुआ। शनिवार को पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया के कार्यालय में बैठक बुलाई गई है। जिसमें यूनियन सदस्यों सहित महिया, किसान सभा व एसएफआई के अन्य नेता शामिल होंगे। वहीं दूसरी और पालिका के सफाई निरीक्षक हरीश गुर्जर ने बताया कि पालिका कार्मिकों व पुलिस दल ने आधिकारिक आदेशों की पालना की है। कुछ युवकों ने कार्मिकों के साथ दुर्व्यवहार किया जो उचित नहीं था। गुर्जर ने कहा कि जो भी कार्रवाई होगी वह नियमानुसार ही होगी। पालिका कार्मिकों व पुलिस दल ने इनसे आदेशों की पालना के लिए समझाईश ही की थी।






