






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 सितंबर 2025। कम उम्र की नासमझी का प्रेमजाल पांच ही सालों में टूट गया और पीड़िता ने थाने पहुंचकर पति सहित छह जनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। 22 वर्षीय पीड़िता ने अपने प्रेमी व पति पर दुष्कर्म करने, उसके माता पिता, बहन भाई व बहन के देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोसी युवक ने उसकी नाबालिग उम्र में उसके साथ दुष्कर्म किया जिससे वह गर्भवती हो गई। आरोपी उसे अक्टूबर 2020 में बहला फुसलाकर सरदारशहर ले गया। जहां उसके एक रिश्तेदार ने उनके रहने की व्यवस्था की। उसने बताया कि वहां से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो पीड़िता ने अपने माता पिता से मदद की गुहार लगाई। माता पिता को रहम आ गया और उसे रखकर सेवा करते हुए उसकी डिलिवरी करवाई। 2021 में उसे बेटा हुआ तो ससुराल वाले उसे घर ले आए। 24 अगस्त 2021 को आरोपियों ने पीहर से धन दायजा मंगवाने की बात कही। पीहर वालों ने भाई के जन्मदिन पर गहने, रूपए व सामान दिया। आरोपी एक नई बाइक, दो लाख रूपए नगदी व सोने के गहनों की मांग करने लगे। आरोपियों ने उसे विजातीय बताते हुए प्रताड़ित किया। 19 जून 2025 को ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। ननद के देवर ने उससे कुछ कागजों व स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवाए और 21 जून 2025 को उसे थाने लेकर आया। आरोपियों ने उसे धमकाया कि यदि अपना बेटा चाहिए तो कागजों पर साइन कर दो। परिवादिया ने सभी कागजों पर हस्ताक्षर कर दिए और इसमें क्या लिखापढ़ी की गई उसे नहीं बताया गया। वह बेटे को लेकर थाने से बाहर निकली तो आरोपियों ने उससे पिंड छुड़वाने की बात कही और अपने घर नहीं आने की धमकाते हुए स्त्रीधन देने से भी मना कर दिया। पीड़िता रोती बिलखती अपने पिता के घर गई तो उसके माता पिता ने उसे सहारा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और मामले की जांच थानाधिकारी जितेंद्र कुमार स्वामी करेंगे।




