






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 दिसंबर 2021। समंदसर में शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के आगमन पर सरपंच पुत्र इमिलाल गोदारा ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का बड़ा मसला उठाया व मंत्री से हल करने की मांग की। गोदारा ने ज्ञापन देते हुए कहा कि श्रीडूंगरगढ़ को जलजीवन मिशन के तहत तैयार प्रोजेक्ट में श्रीडूंगरगढ़ के सभी गांवो सहित लूणकरणसर के 12 गांव शामिल किए गए है। इस प्रोजेक्ट में पानी इंदिरा गांधी नहर की केनाल आर डी 609 से लेना तय हुआ है। गोदारा ने बताया कि जलदाय विभाग के मुख्य अभियंता तकनीकी के द्वारा आक्षेप लगाया गया है कि इस परियोजना में आउटलेट आईजीएनपी की शाखा से निकलने वाली कँवरसेन लिफ्ट केनाल से लिया जाए। गोदरा ने कहा कि कुंवरसेन लिफ्ट केनाल एक छोटी सी डिस्ट्रीब्यूटर ही है जिससे वर्तमान में अतिरिक्त पानी लिया जाना संभव नहीं है। सरकार जनहितकारी प्रोजेक्ट में स्थिति स्पष्ट करते हुए परियोजना का आउटलेट आईजीएनपी की मुख्य नहर से जोड़ा जाए जिससे भविष्य में क्षेत्र को जलापूर्ति करवाई जा सके। बता देवें क्षेत्र को नहर के पानी से जोड़ने की कवायद में गोदारा ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए ये महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया जिसके लिए चर्चा सभी जनप्रतिनिधियों को करनी चाहिए जिससे आने वाले कल में जल का प्रबंध हो सकें। गोदारा ने गांव की समस्याओं से भी कल्ला को अवगत करवाया।
गांव में हो शिक्षक, कन्या विद्यालय की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव समंदसर में स्व. सेठ तोलाराम स्मृति भवन के उद्घाटन समारोह में निर्माता मोहनलाल सिंघी ने ग्रामीणों की ओर से शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला से गांव के स्कूल में अंग्रेजी का शिक्षक तुरंत लगवाने की मांग की जिससे गांव के बच्चों का अंग्रेजी शिक्षण में सुधार हो सकें। सिंघी ने कल्ला से गांव में एक कन्या विद्यालय खोलने की मांग की जिससे बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिल सके। गांव में अंग्रेजी स्कूल की मांग उठाई व स्कूल में कमरों की छत टपकने की बात कहते हुए नए कमरों का निर्माण करवाने की मांग की।
गौशाला में हो पानी की व्यवस्था।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालू रोड पर स्थित गोपाल गौशाला शाखा में गौवंश के लिए पेयजल आपूर्ति करवाने की मांग गौशाला मंत्री जगदीश स्वामी, गोपाल राठी व शिव स्वामी ने ज्ञापन देकर शिक्षा मंत्री से की। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने भी डॉ. कल्ला से कहा कि यहां विधायक कोटे से एक ट्यूबवेल उनके कार्यकाल में बनाया गया था परन्तु उसमें पानी खारा निकल गया। यहां टेंकरों से पानी आपूर्ति करना बहुत महंगा पड़ रहा है। तो यहां बड़ी पेयजल लाईन की स्वीकृति करवा कर पानी पहुंचाने के लिए मंत्री प्रयास करें।







