August 29, 2026
WhatsApp Image 2024-03-31 at 17.11.35

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मार्च 2024। महापुरूष समारोह समिति द्वारा इस वर्ष “भगवान महावीर स्वामी स्मृति सम्मान 2024” का प्रारंभ किया जा रहा है। समिति की पुरस्कार चयन कमेटी के अध्यक्ष बजरंगलाल सेवग ने समिति द्वारा मानवता के कल्याणार्थ कार्य करने के लिए प्रथम महावीर सम्मान समाजसेवी भीखमचन्द पुगलिया को दिए जाने की घोषणा की। सेवग ने पुगलिया द्वारा श्रीडूंगरगढ़ में किए गए जनकल्याण कार्यों के बारे में जानकारी दी। संस्थाध्यक्ष श्रीगोपाल राठी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में राठी ने बताया कि समाजसेवी भीखमचंद पुगलिया ने शिक्षा, चिकित्सा व समाजसेवा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संस्था द्वारा शीघ्र ही एक भव्य समारोह का आयोजन कर “भगवान महावीर स्वामी स्मृति सम्मान” से पुगलिया को सम्मानित किया जाएगा। संस्था के मंत्री सुशील सेरडिया ने बताया कि संस्था समाज में वैचारिक रूप से बदलाव के लिए प्रयत्नशील है। वर्तमान में क्रांतिकारी महापुरूष महावीर स्वामी के विचारों की प्रासंगिकता को देखते हुए उनकी स्मृति में यह ग्लोबल सम्मान प्रारम्भ करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें महावीर स्वामी के विचारों से जन-जन प्रेरणा ले सकें। साहित्यकार डॉ. मदन सैनी ने महावीर स्वामी के जीवन प्रसंगो के बारे में बताते हुए पुगलिया को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति-पत्र, शॉल, भगवान महावीर स्वामी का प्रतीक चिह्न देकर सम्मान दिए जाने की जानकारी दी है। संस्था के वरिष्ठ सदस्य तुलसीराम चोरड़िया ने कहा कि भीखमचन्द पुगलिया का अपनी मातृभूमि श्रीडूंगरगढ़ के साथ साथ कोलकाता में भी शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष योगदान रहा है। इस दौरान संस्था सदस्य सत्यदीप सेवग, विजयराज सेवग, ललित बाहेती, प्रेम बुच्चा, संजय करवा, सुरेश भादानी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महापुरूष समारोह समिति द्वारा समाजसेवी भीखमचंद पुगलिया को दिया जाएगा प्रथम महावीर स्वामी स्मृति सम्मान।