May 20, 2026
banner[1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 दिसंबर 2023। हाइवे पर पेट्रोल पंप के पीछे स्थित एक विधवा का खेत हड़पने के लिए चार जनों ने खेत में घुसकर महिला से बदसलूकी की और बेटियों के साथ अपहरण करने का प्रयास किया। महिला ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है। कस्बे की 45 वर्षीय परमेश्वरी पत्नी स्व ओमप्रकाश ने अपने 28 वर्षीय पुत्र के साथ थाने पहुंच कर उच्च अधिकारी से मामले की जांच करवाने की मांग की है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका खेत बुडानिया पेट्रोल पंप के पीछे है। करीब एक माह पूर्व वह अपनी बेटियों के साथ खेत में काम कर रही थी तभी सीकर निवासी अनवर, असगर, मोहम्मद फारूख पुत्र रमजान तथा रशीद अहमद पुत्र रमजान बहलीम व अन्य 2-4 जने हथियार, तीन चार ट्रेक्टर लेकर उसके खेत में घुसे। आरोपियों ने खेत की पाल तोड़ दी उसे रोका तो मो. फारूख व रशीद ने कहा कि यह खेत हमने मुमताज, साबिर, हारून पुत्र लालमोहम्मद तेली श्रीडूंगरगढ़ से खरीद लिया है। आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दी खेत से नहीं निकलने पर मारने की धमकी दी। आरोपियों ने मुमताज, साबिर व हारून को सूचना दी तो आरोपी जीप में सवार होकर लाठियां लेकर आए। आरोपियों ने महिला सहित बेटियों को घसीटते हुए जबरदस्ती जीप में डाल दिया। महिला के कपड़े फाड़ कर उसे बेटियों के सामने जलील किया व वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बेटियों ने बदहवास हालत में शोर मचाया तो जीप से नीचे फैंक कर भाग गए। घटना के बाद परिवार डर के मारे सहग गया। आरोपी फर्जी दस्तावेज से उसका खेत हड़पना चाहते है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ को सौंप दी है।