May 21, 2026
000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मई 2025। देशभर में आपात स्थिति देखते हुए प्रदेश भर का प्रशासन अलर्ट मोड पर है। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की आवश्यक बैठक बुलाई जिसमें नागरिक सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। मित्तल ने सभी विभागों के अधिकारियों को 24 घंटे मुख्यालय पर अलर्ट रहकर कार्य करने के निर्देश दिए है। उपखंड अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए राष्ट्रहित सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य करते हुए अपने कार्यस्थल, प्रतिष्ठान, दुकान से लौटते वक्त वहां की सभी प्रकाश व्यवस्थाएं (साईन बोर्ड, ट्यूबलाईट्स, बल्ब, सीसीटीवी कैमरे, कैमरे की लाईट्स) सहित बंद करने के निर्देश दिए है। मित्तल ने कहा कि नागरिक सायरन या पुलिस सायरन सुनाई देने पर सभी तरह की लाईट बंद करके संपूर्ण ब्लैक आउट करें। सायरन सुनाई नहीं देने पर किसी भी स्थिति में यदि केन्द्रीयकृत सिस्टम से पूरे शहर में लाईट कटती है, तो ऐसे में तुरंत अपने पावर बैकअप, जनरेटर, इनवर्टर, इनवर्टर लाइट्स आदि को बंद करें। अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर उसकी सभी लाईट्स बंद कर ब्लैक आउट करें। मित्तल ने किसी भी प्रकार की आतिशबाजी नहीं करने, तेज आवाज वाले उपकरणों या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहें और राष्ट्रहित के प्रतिकुल कोई कार्य नहीं करें। साइबर अटैक से बचाव हेतु अनाधिकृत लिंक, फोटो, वीडियो क्लिप्स, पीडीएफ फाईल्स आदि को ओपन नहीं करें। अफवाहें फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी शेयर नहीं करने, भ्रामक वीडियो संदेश पर ध्यान नहीं देने, शांत रहने, मॉक ड्रिल होने पर उसे गंभीरता से लेने व अनावश्यक रूप से बाहर घूमने से बचने की बात कही है। मित्तल ने आपातकालीन सेवाओं के लिए 108 व 104 एंबुलेंस, पुलिस, अग्निशमन, सरकारी वाहन, सेना, सुरक्षा बलों, पेट्रोल, घरेलू गैस सिलेण्डर आपूर्ति के वाहनों के आवागमन में बाधा नहीं बनने। सेना सुरक्षा बलों, डीजल, पेट्रोल, घरेलू गैस सिलण्डर आपूर्ति के वाहनों के आवागमन में बाधा नहीं डालने, राष्ट्रीय सुरक्षा बलो की इस घड़ी में आंतरिक सुरक्षा में सहयोग एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, प्रशासन द्वारा दिए जाने वाले दिशा निर्देशों की समय बद्ध पूर्ण पालना करने की अपील की है। सभी पाठक इस खबर को पूरा पढ़ें इसे सभी नागरिकों तक पहुंचाए व राष्ट्रहित में सहयोगी बनें।