May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-12-18 at 21.53.02

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 दिसम्बर 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की सबसे प्रमुख उपज मूंगफली है एवं हर साल मूंगफली की सरकारी खरीद में जम कर भ्रष्टाचार होता है। इस बार भी यह चरम पर है एवं गत तीन दिनों से पूरे क्षेत्र में मूंगफली की सरकारी खरीद में भ्रष्टाचार को लेकर अनेक वीडियो वायरल हो रहे है। कहीं मूंगफली खरीद में भ्रष्टाचार के वीडियो सामने आए है तो कहीं कई वीडियो भ्रष्टाचार नहीं होने के भी बनवाए गए है। सोशल मीडिया पर जम कर यह वीडियो वायरल हो रहे है। वहीं दूसरी और इन सब के बाद विधायक ताराचंद सारस्वत ने गुरूवार शाम को उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में मूंगफली खरीद को लेकर आपात बैठक ली गई है। बैठक में उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा एवं सहकारिता विभाग के भीकासिंह, कर्मचारी एवं तुलवाई ठेकेदार मौजूद रहे। इस दौरान विधायक ने इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही व अनियमितता बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। विधायक ने मूंगफली खरीद प्रक्रिया की जांच करने को कहा एवं कहीं कुछ गलत पाए जाने पर तुरंत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। इस दौरान सांवतसर खरीद केन्द्र पर अभी तक जारी किए गए टोकनों के अलावा नए टोकन नहीं जारी करने एवं जांच होने तक सांवतसर खरीद केन्द्र को निलंबित करने की अनुशंषा भी की गई।

यूं चला है घटनाक्रम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। होने को तो क्षेत्र में हर साल मूंगफली खरीद में हंगामा होता ही है एवं भ्रष्ट कार्मिकों के साथ साथ भ्रष्ट किसान हर साल सरकारी खरीद के लूप-होल्स का जम कर फायदा उठाते है। यहां किसान भी अपना सबसे हल्का माल जो नियमों में किसी भी प्रकार से तुलवाया नहीं जा सकता, वह भी पैसों के लेन-देन से तुलवा लेते है। और जब पैसों का सिस्टम बन जाता है, तो उन किसानों को भी भुगतना पड़ता है जिनका माल सही होता है। ऐसे में इस वर्ष तीन दिन पहले गांव सांवतसर में सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर पहुंचें विकास रथ के कार्यक्रम के दौरान विधायक ताराचंद सारस्वत ने जब छाती ठोक कर भ्रष्टाचार सहन नहीं करने की बात कही, तो वहां बैठे एक बुजुर्ग किसान ने मूंगफली खरीद में जम कर भ्रष्टाचार होने की पोल कैमरों के सामने खोल दी। यह वीडियो वायरल हुआ तो बाद में भ्रष्टाचार नहीं होने का भी एक और वीडियो दूसरे दिन बनवा कर वायरल करवाया गया। इसके बाद तो वीडियो की होड़ मच गई एंव सरकारी खरीद केन्द्रों पर घटिया एवं अमानक मूंगफली भी पैसों के सहारे से तुलवाने के कई वीडियो सामने आए है एवं किसानों ने खुल कर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। हालांकि इस प्रकरण के बाद एक बार तो सत्ता पक्ष की आईटी सेल द्वारा इसे कांउटर भी किया गया एवं जानबुझ कर बनवाए गए वीडियो कहते हुए सोशल मीडिया पर सरकार विरोध का सामना भी किया गया। लेकिन बाद में मामला बढ़ने एवं एक के बाद एक कई वीडियो सामने आने पर गुरूवार को पहले विधायक द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल से मूंगफली में भ्रष्टाचार सहन नहीं करने व जांच करवाने की पोस्ट की गई एवं शाम ढलते ढलते अधिकारियों के साथ आपात बैठक लेकर कठोर कार्रवाही के निर्देश दिए गए है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बुलाई आपात बैठक, दिए निर्देश।