May 21, 2026
sri-news-banner-Recovered-Recovered-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मई 2024। विधायक ताराचंद सारस्वत ने उपमुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बेरवा को पत्र लिखकर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के हित में आवाज उठाई है। सारस्वत ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़, राजकीय कन्या महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में विज्ञान व वाणिज्य संकाय में स्नातक पाठ्यक्रम प्रारंभ करवाए जाने की मांग सरकार से की गई है। सारस्वत ने कहा कि इन महाविद्यालयों में केवल कला संकाय का संचालन हो रहा है जिसके कारण बीकॉम व बीएससी करने वाले हजारों विद्यार्थियों को 60 किलोमीटर दूर बीकानेर जाना पड़ रहा है। अनेक छात्राओं की उच्च शिक्षा में तो इससे बाधा खड़ी हो रही है। विधायक ने दोनों महाविद्यालयों में 2024-25 में ही बीकॉम व बीएससी की नियमित कक्षाएं संचालित करने की स्वीकृति देने, अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने, इसके लिए जरूरी पद स्वीकृत करने की मांग की है। विधायक ने बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री ने इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।