May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-05-29 at 20.20.48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2025। आमजन की लगातार पेयजल किल्लत की शिकायतें व गुरूवार को कांग्रेस का प्रदर्शन होने पर विधायक ताराचंद सारस्वत भी सक्रिय हुए व समस्या पर संज्ञान लिया। विधायक ने आज जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में बिगड़ती पेयजल व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार तुरंत प्रभाव से किया जाए। विधायक सारस्वत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता पेयजल संकट से जूझ रही है और यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उन्हें समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाए। बैठक के दौरान विधायक ने विभाग को निर्देश दिए कि जल संकट ग्रस्त इलाकों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य योजना बनाकर जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित जल आपूर्ति के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र स्थापित करने को भी कहा।  विधायक ने कहा कि पानी संकट के समाधान हेतु आवश्यक मशीनरी, पाइप, मोटर पंप, संसाधन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कर इस दिशा में कार्यवाही शुरू की जावे। इस मौके पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता नरेश रैगर, सहायक अभियंता कैलाश वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। विधायक सारस्वत ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं के निवारण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने क्षेत्र के सभी वार्डों में पांच-पांच लोगों की एक एक कमेटी बनाकर पेयजल समस्या के निस्तारण हेतु प्रयास करने की बात कही। बैठक के दौरान महेश राजोतिया, पार्षद जगदीश गुर्जर ,पवन इंदौरिया,पार्षद रामसिंह, शहर महामंत्री मदन सोनी उपस्थित रहें।