






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 सितंबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ में जगह जगह नालियां ब्लॉक है और गलियां पानी से अटी पड़ी है। लोगों का अपने घरों में आना जाना मुश्किल हो गया है और मुख्य बाजार की गलियों से गुजरना दूभर हो गया है। मुख्य बाजार में शुक्रवार शाम को हुई बरसात के बाद पानी की निकासी नहीं होने से बाजार में पानी भरा है और गांधी पार्क के पास एक बड़ी खुली नाली में महिलाओं के पैर फंसने से उनके चोटिल होने व गाड़ियों के फंसने की घटनाएं सुबह से बार बार हो रही है। आज 100 से अधिक व्यापारियों ने हस्ताक्षर कर विधायक व पालिकाध्यक्ष को पत्र सौंपते हुए समस्या के स्थाई समाधान की मांग की। परेशान व्यापारियों ने पालिका की हठधर्मिता के कारण विधायक लोक सेवा केन्द्र पहुंच कर मदद करने की गुहार की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सुदंर पारीक ने कहा कि पालिका प्रशासन के नाकारा रवैये से शहर की जनता आहत हो गई है। मुख्य बाजार में एक नाला रोजाना जाम रहता है। जिससे आसपास की दुकानों के आगे पानी भरा रहता है। ग्राहक इन दुकानों तक नहीं पहुंच पाते और पलदार सामान लेकर जाते हुए यहां कई बार चोटिल हो जाते है। व्यापारियों ने सवाल उठाते हुए अध्यक्ष व ईओ को भी फोन किए व समस्या के स्थाई समाधान की मांग की।






