






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जनवरी 2023। दो बहनों के लाडले भाई व किसान माता पिता के बुढ़ापे के इकलौते सहारे 25 वर्षीय अशोक जाट ने आज मौत को गले लगा लिया। अशोक ने खुद को फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक की मौत की खबर से गांव बीरमसर में मातम पसर गया और ग्रामीण शिवलाल जाट के घर पहुंच कर इस जवान मौत पर शोक प्रकट करते हुए परिवार को सांत्वना दे रहें है। अशोक की मां व दोनों बहनों के क्रंदन से घर में कोहराम मचा है। सुबह तक परेशान परिजनों की चिंता शोक में बदल गई जब घर का इकलौता जवान बेटा फांसी पर झूल गया। चाचा मुन्नीराम ने आज सुबह थाने में गुमशुदगी दी और दोपहर होने तक युवक का पता तो चल गया परंतु वे सकते में आ गए और युवक को अपने कंधो पर घर कैसे ले जाएं? की पीड़ा व दर्द छलक उठा। पिता शिवलाल ने पुलिस को बताया कि उनका मृतक पुत्र अशोक मानसिक रूप से परेशान रहता था और इस परेशानी में उसने फांसी लगा ली। युवक ने धोलिया रोड पर सुनारी जोहड़ वन विभाग के पास खेजड़ी के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से फंदा डाला और झूल गया। मृतक की मोटरसाइकिल कुछ ही दूर खड़ी मिली व डिस्चार्ज फोन उसकी जेब में बरामद हुआ। हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।



