






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार युवाओं को अकाल मृत्यु का शिकार होना पड़ रहा है। क्षेत्र के युवाओं के जीवन को अनमोल मानते हुए श्रीडूंगरगढ़ पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा द्वारा “जीवन अनमोल” अभियान कस्बे में प्रारंभ किया गया है। सोमवार को इस अभियान के पहले चरण में पुलिस थाना के सामने निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इस मौके पर अतिथि रूप में भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत ने सभी दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगा कर ही वाहन पर सवार होने की शपथ दिलवाई। यहां पुलिस थाना के एसआई बलवीर मील ने दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं होने से ही जान का खतरा अधिक होने की बात कही व सड़क सुरक्षा के सभी नियमों की पालना करने की अपील नागरिकों से की। पार्षद रजत आसोपा ने बताया कि इस दौरान विनोद गिरी गुसांई, जगदीश गुर्जर, पवन उपाध्याय, वेदप्रकाश सारस्वत आदि पार्षदों सहित भाजपा मंडल महामंत्री महेश राजोतिया, भवानी तावणियां, कन्हैयालाल सारस्वत, भवानीसिंह आदि ने पालिकाध्यक्ष के इस अभियान को सराहा एवं आभार जताया। पार्षद आसोपा ने बताया की अभियान के पहले चरण में 30 हेलमेट बांटे गए एवं अभियान के तहत 300 हेलमेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने इस मौके पर समाजहित में सक्षम लोगों द्वारा अपने आस पास के लोगों को हेलमेट वितरण करने, हेलमेट लगाने के प्रति जागरूक रहने एवं अपने निकटतम मित्र, परिजनों के दुपहिया वाहनों पर घर, दुकान से बाहर निकलते समय हेलमेट के लिए टोकने की अपील की। शर्मा ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास ही सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को रोकने में प्रभावी होंगे।




