






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जूझ 2024। हेमासर गांव में युवती की हत्या के मामले में राउंडअप किये गए आरोपी युवक को गुरुवार शाम श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार हत्या प्रेम प्रसंग में असफल रहने पर की गई थी। आरोपी युवक कोजूराम मेघवाल व मृतक युवती पिछले कुछ समय से संपर्क में थे व युवक ने उसे मोबाइल सहित कई उपहार भी दिए हुए थे। अब युवती का रिश्ता कहीं और तय कर दिया गया था व आगामी 17 जुलाई को उसका विवाह होना था। ऐसे में युवती ने कोजूराम से अब सम्पर्क रखने से मना कर दिया था। आरोपी ने युवती को अंतिम मुलाकात का हवाला देते हुए बहला फुसला कर गांव में ही सुने बाड़े में बुलाया। यहां युवक ने युवती को अपने दिए गए उपहार वापस देने को कहा। युवती ने अन्य उपहार वापस दे भी दिए लेकिन मोबाइल पर बात बिगड़ गई। मोबाइल वापसी की बात पर हुए टकराव में शराब के नशे में युवक ने युवती का सर पकड़ कर वहां पड़े लकड़ी के कुंदे में दे मारा। सर में चोट लगने से युवती बेहोश हो गई तो युवक ने गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। मामले के अनुसंधान अधिकारी थानाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया कि युवक की गिरफ्तारी होने के बाद आज शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दूर के रिश्ते में एक ही परिवार के है आरोपी-मृतका।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हेमासर में हुए हत्याकांड में आरोपी और मृतका एक ही परिवार व एक ही गोत्र के है। हेमासर में मेघवाल समाज के करीब 40 घर है जो सभी एक ही दादा के वंशज है। दोनों में अंतर तो कई पीढ़ियों का था लेकिन दोनों एक ही परिवार के थे। युवक के माता-पिता भी नही है व दो बहिने है जो मौसी के यहां रहती है। ऐसे में युवक अकेला ही रहता था व शराब के सेवन का आदि भी था। आरोपी वारदात के समय भी शराब के नशे में था।



