






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 नवंबर 2024। जिले में डेंगू अब खतरनाक स्टेज की ओर बढ़ गया है। डेंगू का वायरस लोगों के दिल और दिमाग पर हमलावर हो रहा है। मायोकार्डिटिस से गंगाशहर के एक युवक की मौत हो चुकी है व दिमागी बुखार से पीड़ित एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जिले का सबसे बड़ा अस्पताल पीबीएम डेंगू पॉजिटिव और वायरल थ्रोंबोसाइटोपिनिया के मरीजों से भरा पड़ा है। मंगलवार को 950 रोगी पीबीएम पहुंचे जिनमें से 330 के डेंगू की जांच हुई। विशेषज्ञों के अनुसार डेंगू के कारण मरीजों में हार्ट फेलियर की स्थिति बनने लगी है। अस्पताल का डेंगू वार्ड मरीजों से फुल हो गया है।
डेंगू की जटिल स्थिति है मायोकार्डिटिस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डेंगू बुखार डेंगू वायरस के कारण होने वाली एक संक्रामक बीमारी है। वर्तमान में पोस्ट डेंगू मायोकार्डिटिस की रिपोर्टें अधिक आ रही है, जो रोगियों के लिए गंभीर ह्रदय संबंधी परिणाम पैदा करती है। तेज बुखार, मस्कूलास्केलेटल दर्द, शरीर में थकान, चक्कर आना, बेहोशी, सीने में दर्द, तेज या अनियमित दिल की धड़कन इसके लक्षण है।
वायरल इंफेक्शन से होता है दिमागी बुखार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दिमागी बुखार को इन्सेफेलाइटिस, मस्तिष्क ज्वर, ब्रेन फीवर के नाम से भी जाना जाता है। यह मस्तिष्क के ऊतकों में सूजन होने पर होती है। इसकी मुख्य वजह वायरल इंफेक्शन होता है। इसके अलावा बैक्टीरिया और फंगस की वजह से भी दिमागी बुखार की समस्या हो सकती है। यह बीमारी अगर बढ़ जाती है तो मरीज देखने, सुनने, सोचने और समझने की क्षमता खो देता है।
श्रीडूंगरगढ़ में डेंगू की स्थिति के बारे में पढें पूरी जानकारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपजिला अस्पताल में डेंगू के मरीज प्रतिदिन 1 दर्जन से अधिक रिपोर्ट हो रहें है। अस्पताल में सोमवार 4 नवंबर को 10 मरीज, मंगलवार 5 नवंबर को 14 मरीज व बुधवार 6 नवंबर को 15 मरीज रिपोर्ट हुए है। यहां डेंगू अभी कंट्रोल में माना जा रहा है। उपजिला अस्पताल के प्रभारी डॉ एसके बिहाणी ने बताया कि डेंगू को लेकर स्थिति कंट्रोल में है। प्रतिदिन मरीज आ रहें है और गंभीर होने की स्थिति में बीकानेर रेफर किया जा रहा है। बता देवें दिमागी बुखार या मायोकार्डिटिस की पहचान या जांच यहां नहीं हो रही है। एक निजी लैब से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में एक दर्जन डेंगू जांच में करीब आधा दर्जन से अधिक की प्लेटलेट डाउन आ रही है। निजी अस्पतालों में भी डेंगू के मरीज पहुंच रहें है व अनेक मरीज भर्ती है।




