May 20, 2026
WhatsApp Image 2026-03-22 at 8.49.53 PM (1)

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 मार्च 2026। कालूबास स्थित नेहरू पार्क में चल रही श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के तीसरे दिन रविवार को कथावाचिका पूजा जोशी ने भक्त चरित्रों का गुणगान किया। उन्होंने अजामिल, शिव, ध्रुव और प्रह्लाद चरित्र का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने ध्रुव चरित्र का उल्लेख करते हुए अटूट श्रद्धा और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया। वहीं प्रह्लाद चरित्र के जरिए विपरीत परिस्थितियों में भी भगवान के प्रति अडिग आस्था बनाए रखने की प्रेरणा दी। जोशी ने शिव चरित्र के माध्यम से जीवन में सरलता, करुणा और समर्पण भाव को अपनाने की सीख दी। कथावाचिका ने स्वस्थ जीवन के लिए संयमित खान-पान अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रति परिवार सप्ताह में एक दिन सामूहिक रूप से एकसाथ बैठे और धार्मिक ग्रंथों का पाठ करने की प्रेरणा दी।
कथा के दौरान हिरण्यकश्यपु और भक्त प्रह्लाद की सजीव सुदंर झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारे लगाए व भजनों पर भावविभोर होकर नृत्य किया। सोमवार को कथा स्थल पर धूमधाम से कृष्ण जनमोत्सव मनाया जाएगा। कथा के दौरान शामिल हुए अतिथियों का दुपट्टा और धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल हुए। आयोजक जोशी परिवार ने श्रद्धालुओं से नवरात्र के अवसर पर भगवत कथा श्रवण करने का आग्रह किया।