






विधायक मिले सहकारिता मंत्री से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बुधवार को जयपुर में सहकारिता मंत्री गौतम दक से मुलाकात की और मूंगफली खरीद में निष्पक्ष जांच की मांग की। सारस्वत ने मंत्री को समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद प्रक्रिया में कई स्थानों पर अनियमितताओं एवं फर्जी गिरदावरियों की शिकायतें प्राप्त होने व इस संबंध में निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। विधायक ने मूंगफली तुलाई केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने, वंचित किसानों को टोकन जारी करने की व्यवस्था किए जाने और हैंडलिंग ट्रांसपोर्ट कार्य में सही ठेकेदार फर्मों को ही जिम्मेदारी दिए जाने की मांग की। सारस्वत ने बताया कि मंत्री गौतम दक ने उन्हें आश्वस्त करते हुए किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध होने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाए जाने की बात कही।

माकपा जिला कमेटी की बैठक में किसान मुद्दों पर की चर्चा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के जिला कार्यालय बीटीआर भवन में बुधवार को जिला कमेटी की बैठक पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। राज्य पर्यवेक्षक के रूप में रामरतन बगड़िया बैठक में शामिल रहें। जिला सचिव सुंदरलाल बेनीवाल ने बैठक में पार्टी को मजबूत करने के लिए नई भर्ती करने, जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में करने संबंधी जानकारी दी। सचिव ने बताया कि तहसील कमेटियों की बैठकें भी तय की गई, जिसमें जिला पर्यवेक्षक भी शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक कॉमरेड गिरधारी लाल महिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। महिया ने किसानों की मूंगफली, ग्वार, मोठ और बाजरी की सरकारी खरीद में जानबूझकर देरी किए जाने की बात कही। महिया ने कहा कि किसानों की गिरदावरी पंजीयन से पहले ही सरकार द्वारा पोर्टल बंद करना सरकार का किसान विरोधी कदम है, जिसके खिलाफ पार्टी आंदोलन करेगी। बैठक में श्रीडूंगरगढ़ के तहसील सचिव मुखराम गोदारा, बीकानेर सदर के सचिव भंवरलाल, बीकानेर नगर सचिव बजरंग छिंपा, अशोक शर्मा, मोहनलाल भादू, सीमा जैन, अशोक पुरोहित, रहमत बानो, शेखर रेगर, निंबाराम डूडी सहित अनेक सदस्य शामिल हुए।

सरकारी खरीद में किसानों को राहत की मांग लेकर जयपुर पहुंचे किसान नेता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव ऊपनी से रत्तिराम गोदारा, लक्ष्मणराम गोदारा, पवन गोदारा, व गाढ़वाला सरपंच प्रतिनिधि सुमेर सारण बुधवार को जयपुर पहुंचे और सहकारिता मंत्री से मुलाकात की। किसान प्रतिनिधियों ने मंत्री को पत्र देते हुए किसानों की समस्याएं बताते हुए सरकार द्वारा किसानों की मूंगफली की पूरी उपज खरीद करने की मांग की। बाजार में मूंगफली के भाव कम होने व किसान वर्ग को लाखों रूपए का घाटा होने की बात कहते हुए इन्होंने मूंगफली की पूरी खरीद करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजाराम मील से मुलाकात कर मांग दोहराई। मील ने भी सीएम के नाम पत्र देकर किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। मंडल सदस्यों ने सीएम भजनलाल शर्मा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को पत्र देकर पूरी खरीद करने की मांग की।





