






बैंगलोर से रामदेवरा साइकिल यात्रा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपने इष्ट के प्रति आस्था के उत्साह में युवा कई हजार किलोमीटर की साहसी यात्राओं को भी अंजाम देते है। सावन की विदाई व भादवे के आगमन की सूचना से ही बड़े धाम मंदिरों में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार होने लगा है। क्षेत्र के गांव लिखमादेसर निवासी व बैंगलोर प्रवासी भगवान नाई बैंगलोर से साइकिल लेकर बाबा रामदेव के दर्शन के लिए आज सुबह रवाना हुए है। नाई करीब 2028 किलोमीटर की ये यात्रा साइकिल पर पूरी कर बाबा के धोक लगाएंगे व करीब एक माह का समय लगने की संभावना है। बाबा के जयकारों के साथ उनके परिजनों व पड़ौसियों ने उन्हें रवाना किया और शुभकामनाएं देते हुए एहतिहात के साथ यात्रा पूरी करने की सलाह भी दी। नाई ने बताया कि यात्रा को रोमांच है और बाबा के दर्शन के जोश में तकलीफ के बारे में विचार भी नहीं आया है। लिखमादेसर से भी नाई के जानकारों ने शुभकामनाए दी है।
गौशाला में टीन शेड के निर्माण की घोषणा, किया दान पुण्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रविवार को सावन की पुत्रदा एकादशी के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गौशालाओं में दान पुण्य किया। श्रीकरणी गौसेवा समिति कोटासर में खारड़ा निवासी भामाशाह हरिकिशन सारस्वत ने गौवंश के लिए दो सवामणी का भंडारा कर खिलाया व 21 हजार की सहयोग राशि समिति को दी। सारस्वत की पत्नी संगीता देवी ने गौवंश के लिए छाया व्यवस्था करने के लिए ढाई लाख की लागत से एक टिन शेड का निर्माण करवाने की घोषणा की। इस दौरान दुलचासर के भागीरथ ओझा व समिति की ओर से अगरसिंह पड़िहार ने भामाशाह का आभार जताया।
चांदी के शिवलिंग का पूजन, सावन माह का आज अंतिम सोमवार, श्रद्धालुओं में उत्साह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सावन माह का आज अंतिम आठवां सोमवार है और शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। शिवालयों में अलसुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही और हर हर महादेव के जयकारे गुंजते रहें। आज कस्बे के बिग्गाबास में स्थित चिड़पड़नाथजी की बगीची में चांदेश्वर महादेव के रूप में महादेव का श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के व्यवस्थापक राम दर्जी ने बताया कि आज शाम 8 बजे बाबा आदिनाथ का भव्य दृश्य सजाया जाएगा जिसकी तैयारी मूर्ति कलाकार गजानंद नाई द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। वहीं भावना पुरोहित, मोनिका सिखवाल, सरिता गट्टानी, शानू सिखवाल, कृष्ण आसोपा, ममता बिहानी द्वारा फूलों की सजावट की जाएगी। रात 10 बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां सुबह 4:00 बजे तक दी जाएगी। दर्जी ने बताया कि आज सुबह साढें तीन बजे बाबा मंगलनाथ के सान्निध्य में संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करीब तीन किलो चांदी से शिवलिंग को मढ़ा गया है। बाबा ने सभी भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए नित्य शिव पूजन की प्रेरणा दी।
सिंधी मंदिर में सजेगी अमरनाथ की झांकी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिंधी कॉलोनी के झूलेलाल मंदिर में बाबा अमरनाथ की झांकी सजाई जाएगी। यहां रूद्राभिषेक के पूजन का आयोजन होगा व विधि विधान से रात्रि के शहद से अभिषेक किया जाएगा। समाज के रवि रिझवानी ने बताया कि आज सावन के अंतिम सोमवार को शिव भक्त शाम सवा आठ बजे से बाबा अमरनाथ की भव्य झांकी के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में सजावट की तैयारियां प्रारंभ हो गई।




