May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जुलाई 2021। बूंद बूंद उसका रक्त बदन से रिस गया और अधिक रक्त बह जाने से मूर्छा छा जाने से उसके कंठ से स्वर भी न निकला और निष्ठुर संसार को अलविदा कर मौत की गोद में सो गई। ये दर्दनाक मौत हमारे कस्बे में नवजात बालिका को मिली जिसने मंगलवार को ही माँ की कोख से बाहर आने का गुनाह किया सजा में उसे कोई नाली में फेंक गया। ये पढ़ कर शायद ह्रदय चित्कार कर उठे परन्तु सत्य है कि आज पूरे श्रीडूंगरगढ़ की आत्मा रो रही है। बता देवें मंगलवार सुबह नवजात बालिका का शव नाली में मिला था और आज बुधवार को उसका पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डाक्टर एस.एस. नांगल ने बताया कि प्रसव के बाद बालिका के गर्भनाल को सही ढंग से नहीं बांधा गया था जिससे उसका रक्त बूंद बूंद उसके शरीर से बह गया। और अधिक खून बह जाने से बालिका की मृत्यु हो गई। घटनास्थल पर बिखरे खून और नाली में औंधें गिरे शव के कारण अनुमान लगाया जा रहा था कि यह डिलीवरी सड़क किनारे फुटपाथ पर ही हुई होगी। परन्तु सरकारी चिकित्सक इस अनुमान को खारीज कर रहें है। डाक्टर नांगल ने बताया कि संभवतया डिलीवरी अन्यत्र हुई होगी एवं बालिका को किसी थैली में डाल में कर यहां तक लाया गया होगा। गर्भनाल सही ढंग से नहीं बांधने के कारण शरीर का सारा खून निकल गया और बालिका की मृत्यु होने के कारण इसे फेंक दिया गया होगा। शरीर से रक्त निकलने के कारण बालिका रो भी नहीं पाई होगी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार सामाजिक कार्यकर्ता मदन सोनी एवं उनके साथियों ने किया। इस मामले में श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि इस संबंध में तलाश जारी है एवं बच्ची को यहां फेंकने वालों को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है।