






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 नवबंर 2023। कम दहेज देकर समाज में हमारी नाक कटवा दी ये ओलमा देते हुए ससुराल वालों ने एक विवाहिता से मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल दिया। साधासर निवासी व हाल निवासी मोमासर बास पीड़िता अनुराधा ने थाने पहुंच कर अपने पति जेठाराम सहित ससुर श्रवणराम नायक व सास सुमित्रा देवी निवासी साधासर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 22 फरवरी 2020 को उसका विवाह आरोपी जेठाराम से हुआ और उसके पिता ने उसे गहने, कपड़े, नगदी सहित गृहस्थी का सभी सामान दिया। परंतु एक मोटरसाइकिल व एक लाख रूपए नगदी नहीं देने से नाराज हो गए। करीब 13 माह पूर्व उसने एक बच्चे को जन्म दिया तब आरोपी नहीं आए और 20 दिन बाद बच्चे की मौत हो जाने पर भी आरोपी नहीं आए। कई बार समझाईश के बावजूद आरोपी नहीं माने व दान दहेज का सामान देने से भी मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



