






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 सितम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में हद से ज्यादा बदहाल यातायात व्यवस्था के कारण आम जन बेहद पीडित है। हालात यह है कि बाजार को पार करने के दो मिनिट के सफर में कई बार 20 मिनिट तक लग रहे है एवं यातायात अव्यवस्था, मनमर्जी की पार्किंग के कारण लोगों को गलियां तक बदलनी पड़ रही है। इस संबध में कई बार सामाजिक संगठनों, आम लोगों ने अपनी आवाज भी उठाई एवं प्रशासन तक फरियाद पहुंचा कर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग भी की। इन मांगों पर सक्रिय होकर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने थानाधिकारी वेदपाल शिवराण की अगुवाई में बाजार में सख्ती दिखानी भी शुरू की एवं गत कुछ दिनों में बाजार से रिकार्ड चालान काटने, गाडियां सीज करने की कार्यवाही भी की गई।
प्रशासन और व्यापारी इस दौरान आमने सामने भी हो गए लेकिन नतीजा वही ढाक के वहीं पात का रहा। मंगलवार को भी बाजार में मनमर्जी की पार्किंग एवं बेतरतीब गाडियां खड़ी करने की शिकायत पर प्रशासन बाजार पहुंचा तो हालात बेहद बुरे दिखे एवं दुकानों के बाहर खड़ी गाडियां यातायात को पूर्णतया अवरूद्ध करने की स्थिति में थी। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि सख्ती लोगों को कानून व्यवस्था की पालना की प्रेरणा देने के लिए की जाती है लेकिन बाजार के कुछ व्यापारियों द्वारा अपनी दुकान के बाहर से सामान लोढ़, अनलोढ़ करने के प्रयासों के कारण पूरी व्यवस्था बिगड़ रही है। शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक है कि सभी अपनी अपनी जिम्मेदारी समझें एवं प्रशासन का सहयोग करें। आप भी देखें खबर में आगे फोटो, जो बयां कर रहे है बाजार के हालात।








