May 21, 2026
00000000000000000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 सितंबर 2025। शिक्षा विभाग लगातार विद्यार्थी हित की योजनाओं में कटौती कर रहा है। अब विभाग ने कक्षा पहली से आठवीं तक के सामान्य और ओबीसी वर्ग के बालकों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म योजना से बाहर कर दिया है। इन दोनों वर्गों के 15 लाख बालकों को अब यूनिफॉर्म की राशि नहीं मिलेगी। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 12 लाख बालिकाओं को भी योजना से वंचित कर दिया गया है। अब पहली से आठवीं कक्षा तक की बालिकाओं और एससी, एसटी व बीपीएल के छात्रों को ही यूनिफॉर्म के लिए 600 रूपए मिलेंगे। बता देवें इससे पूर्व भी विभाग ने 8वीं 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में राज्य व जिला स्तर पर टॉप रहने वाले सरकारी स्कूलों के 27900 विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की घोषणा की और बाद में इन्हें लैपटॉप से बदल कर टैबलेट दिए गए। वहीं पद्माक्षी योजना में बोर्ड परीक्षाओं की 8वीं की छात्रा को 40 हजार, 10वीं की बालिका को 75 हजार व 12वीं की बालिका को 1 लाख रूपए छात्रवृत्ति दी जा रही थी। इसी साल इस राशि में कटौती करते हुए 8वीं की बालिका को 25 हजार, 10वीं की छात्रा को 50 हजार व 12वीं बालिका को 75 हजार रूपए कर दिए है। वहीं विवेकानंद स्कॉलरशिप में विदेशी यूनिवर्सिटी की संख्या 150 से घटाकर 50 कर दी गई। विद्यार्थियों की संख्या में 300 से घटाकर 150 कर दी है। सरकार ने शिक्षक दिवस पर राज्य, जिला व ब्लॉक स्तर पर कुल 1374 शिक्षकों को सम्मानित करती थी। इस बार ब्लॉक स्तर सम्मान को खत्म कर दिया। राज्य स्तर पर 99 की संख्या को घटाकर 66 कर दिया गया है।