May 20, 2026
fad

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2023। गत रविवार को माहेश्वरी सेवा सदर आडसर बास की आम सभा आयोजित हुई और सभा में सदन की कार्यसमिति द्वारा वर्ष 2019-2021 के दौरान हुए निर्माण कार्यों पर विचार विमर्श किया गया। इस बैठक में तत्कालीन अध्यक्ष सहित एक गुट ने उस दौरान हुए निर्माण कार्यों में अनियमितताएओं का आरोप लगाया और संबधित फर्म के 7 लाख रुपए का भुगतान रोकने का प्रस्ताव भी पारित किया। सोमवार को इसकी प्रेस विज्ञप्ति भी संस्था द्वारा जारी की गई। वहीं उस बैठक के दौरान तत्कालीन मंत्री ओमप्रकाश कलाणी सहित दूसरे गुट ने रंजिशन अप्रिय स्थिति लाने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार किया एवं प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूर्व पदाधिकारियों को नीचा दिखा कर मान भंग करने, कुतर्कों के आधार पर हिंसा करने को तत्पर होने का आरोप लगाया है। तत्कालीन मंत्री ओमप्रकाश कलाणी ने अब एक ओर शपथ पत्र नोटरी करवा कर समाज के समक्ष प्रस्तुत किया है, जिसमें उन्होनें पहले वाले शपथ पत्र को मर्जी से नहीं लिखने एवं पवन राठी, श्यामसुंदर सोमाणी व अन्य सात- आठ लोगों पर दबाव देकर, मानसिक रूप से परेशान कर जबरदस्ती लिखवाने का आरोप लगाया है। कलाणी ने अब नए शपथ पत्र में गत 14 अप्रेल 2023 को दिए गए शपथ पत्र को शून्य, अवैध एवं निष्प्रभावी घोषित किया है। बैठक का बहिष्कार करने वाले गुट में श्रीभगवान राठी, जीतमल तापडिया, नंदकिशोर बिहानी, हडमानमल राठी, गणेशमल बिहानी, रामकिशन राठी, हरिप्रसाद राठी, मनोज तापड़िया, ओमप्रकाश कलाणी, श्रीगोपाल राठी, महावीर राठी, सीताराम राठी, बनवारी राठी, आंनद लखोटिया, संजय कर्वा, सुखदेव राठी आदि शामिल रहे।