






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2020। क्षेत्र के गांव लिखमादेसर में गांव के सिताणा जोहड़ में पानी पीने जाने वाला गौवंश सीधे मौत के आगोश में चला जाता है। इस तालाब में बना दलदल गौवंश को अपने में समा लेता और वहीं फंस कर प्राण चले जाते। इससे व्यथित गांव के युवकों ने दलदल में फंसी मृत गाय की फ़ोटो भी अपने ग्रामीण ग्रुप में सेंड की और उस दयनीय तस्वीर को देख कर गांव के युवाओं ने मन में इस तस्वीर को बदल देने की ठान ली। ऐसे में किसी सरकारी सहायता को तकते तो संभवतः उनका ये संकल्प पूरा नहीं हो पाता परन्तु गांव के श्रीजसनाथ नवयुवक मंडल के युवाओं ने 25 हजार की राशि आपसी सहयोग से एकत्र की और गौवंश के पानी पीने के लिए यहां खेल का निर्माण करवा दिया। शुक्रवार को संत सोमनाथ महाराज ने इस खेल का लोकार्पण किया। सोमनाथ महाराज ने युवाओं की पीठ थपथपाई व उनके द्वारा गाय के लिए दी जा रही सेवाओं की सराहना की। बता देवें इन युवाओं द्वारा यहां प्रत्येक अमावस्या को भी गौशाला व बेसहारा गौवंश को मीठा दलिया, चारा खिलाया जाता है। सोमनाथ महाराज के सानिध्य में युवाओं ने चारों तरफ पीपल व नीम के पौधे भी लगाएं है व उनका पालन पोषण करने की जिम्मेदारी भी उठा रहें है। ग्रामीणों ने मंडल के युवाओं के इस कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की।









