May 20, 2026
6f4ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 दिसम्बर 2020। आरटीई पुनर्भरण भुगतान को लेकर शिक्षा मंत्री के बयान को बेतुका बताते हुए श्रीडूंगरगढ़ में निजी स्कूल संचालकों ने सरस्वती उच्च माध्यमिक स्कूल में बैठक कर आक्रोश प्रकट किया। बता देवें शिक्षा मंत्री गोविंदसिंह डोटासरा ने दो दिन पहले बयान दिया था कि जब निजी स्कूलें खुली ही नहीं तो आरटीई का भुगतान क्यों करें। निजी विद्यालय संगठन स्कूल शिक्षा परिवार के ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश स्वामी ने कहा कि शिक्षा मंत्री को अपना बयान वापस लेना होगा और यदि 27 दिसम्बर तक बयान वापिस नहीं लिया तो हमें मजबूरन जिला मुख्यालय पर धरना, प्रदर्शन करना पड़ेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री की होगी। संघ के मंत्री मूलचंद स्वामी, जिला मीडिया प्रभारी प्यारेलाल ढुकिया ने भी विचार व्यक्त किए व कड़े शब्दों में बयान की निंदा की। बैठक में 28 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने के लिए क्षेत्र की सभी निजी शिक्षण संस्थाओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी संघ ने की है। इस अवसर पर स्कूलें पुनः शुरू करने, पोर्टल खोलने, परीक्षा फॉर्म, वर्क बुक एवं पाठ्यक्रम, शिक्षण शुल्क व अन्य स्कूली समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में धूड़ाराम गोदारा, रामलाल जाखड़, विनोद बेनीवाल, सुरेन्द्र महावर, पार्वती शर्मा, प्रमोद सारस्वत, रामलाल मौर्य, महेंद्रसिंह राठौड़, दुर्गाप्रसाद पालीवाल, सूर्यकांत चूरा सहित अनेक निजी विद्यालय संचालकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई एवं शिक्षा मंत्री के बयान की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।