May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2021। गांव लखासर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दौरा उनके संबोधन के साथ ही समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री ने करीब 20 मिनिट का संबोधन दिया एवं संबोधन में अधिकारियों और नेताओं को जनता का सेवक घोषित करते हुए इन कैम्पों को जनता के सेवकों द्वारा जन सेवाधर्म का पालन करने का मौका बताया। मुख्यमंत्री ने अभियान का महत्व बताते हुए कहा कि सभी 21 विभागों के माध्यम से वर्षों से अटके पड़े कामों को ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंच कर निस्तारित किए जाने को अभूतपूर्व बताया एवं ग्रामीणों से आह्वान किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाने के लिए आगे आए। गहलोत ने सभा में महिलाओं की अत्यंत कम उपस्थिति पर निराशा जताते हुए महिलाओं को आगे बढ़ाने पर ही समाज का सम्पूर्ण विकास होने की बात कही। संबोधन में गहलोत ने सरकार की सभी योजनाओं को गिनवाते हुए इन योजनाओं के सतत चलाए रखने के लिए राज्य में आगामी चुनावों में भी कांग्रेस की ही सरकार रिपीट करवाने का आह्वान किया। अपना संबोधन समाप्त करने के बाद गहलोत ने वहां पहुंचे लोगों से ज्ञापन भी लिए। यहां से मुख्यमंत्री सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव कातर छोटी के लिए रवाना हो गए एवं उनके प्रस्थान के साथ ही प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लखासर में ग्रामीणों को संबोधित करते मुख्यमंत्री।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्यमंत्री का संबोधन शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री के नाम का जयकारा लगवाते पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा।