






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2022। आज पूरे अंचल में प्री मानसून की पहली बरसात हुई और क्षेत्र में किसानों के चेहरों पर मुस्कुराहट छा गई है। मूंगफली बिजाई कर देने वाले किसानों ने राहत की सांस ली है वहीं दूसरी ओर कस्बे में नागरिकों ने गर्मी से तो राहत महसूस की परंतु नगरपालिका की लापरवाही व गफलत से परेशान होते दिखे। प्री मानसून की पहली बरसात में ही पालिका की मानसूनी तैयारियों की पोल खोल दी है। इस बरसात में ही गलियों के चेम्बर ओवरफ्लो हो गए व चेम्बरो से गन्दा पानी गलियों में भर गया है। निचले इलाकों में नागरिकों के घरों में पानी घुस गया है व कई नागरिकों के लिए इस हल्की बारिश ने ही परेशानी खड़ी कर दी है। वार्ड 25 में कई घरों में पानी घुस गया और पूरा परिवार पानी निकालने में जुट गया है। रूपा देवी स्कूल के पास तेज हवाओं से एक बिजली का खम्भा उखड़ कर तारों सहित गिर गया है। घनी आबादी का क्षेत्र होने के कारण नागरिक चिंतित है तथा विभाग को सूचित करते हुए कार्रवाई का इंतजार कर रहें है। क्षेत्र के गांव गुसाईसर बड़ा में भी तेज हवा के साथ बरसात ने बच्चों को प्रफुल्लित कर दिया है। वहीं क्षेत्र के देराजसर, सूडसर के इलाकों में केवल तेज हवाएं चली और अभी तक बरसात नहीं हुई है।किसानों ने प्रसन्नता प्रकट करते हुए क्षेत्र में अच्छी बरसात की प्रार्थनाएं की है।

















