






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2020। गांव बिग्गाबास रामसरा में आज युवाओं ने शहीद की याद में पढ़ाई का संकल्प लिया और देश सेवा में जाने का जज्बा युवाओं में नजर आया। आज युवाओं को प्रेरणा युवाओं को देते हुए क्षेत्र के गौरव शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी की 49वीं जयंती पर गांव बिग्गाबास रामसरा में पुस्तकालय प्रारम्भ किया गया है। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ये पुस्तकालय शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी पार्क में ही खोला है। आज कैप्टन को श्रद्धांजलि देते हुए सरपंच लक्ष्मणराम जाखड़ ने पुस्तकालय का लोकार्पण किया। जाखड़ ने कैप्टन से प्रेरणा लेकर कड़ी मेहनत कर देशसेवा में शामिल होने का आह्वान गांव के युवाओं से किया। इस मौके पर ग्रामीण खींवराज स्वामी, हनुमान प्रसाद नाई, जसवीर अहलावत ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए पुस्ताकालय शुरू होने से गांव के पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए उचित माहौल एवं मार्गदर्शन मिलने की बात कही। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए शिक्षाविद रामप्रताप जाखड़ ने पुस्तकालय का महत्व बताया एवं इस कार्य से प्रेरणा लेकर हर गांव में युवाओं के लिए पुस्तकालय होने की आवश्यकता जताई। बता देवें बिग्गाबास रामसरा में इस स्टेडियम में केवल फिजीकल की तैयारी होती थी एवं गांव से 50 से अधिक युवा सैन्य सेवाओं में जा चुके है लेकिन अब ग्रामीणों का संकल्प है कि पढाई का मौका देकर गांव के युवाओं को सैन्य सेवाओं में अधिकारियों के रूप में शामिल करवा सकें।




