May 20, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2023। श्रीडूंगरगढ़ शहर अमन और चैन का शहर है यहां के सभी निवासी आपस में सौहार्द एवं प्रेम से सभी धर्मों के आयोजनों में शामिल होते है। हालांकि दो चार घटनाओं के दौरान तनाव जरूर हुआ लेकिन यहां किसी भी धर्मावलंबी में आपस में कोई द्वेष नहीं है। आज ये बात श्रीडूंगरगढ़ के मौजिज लोगों ने कही और मौका था मोहर्रम को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आयोजित सीएलजी बैठक का। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा शांति एवं सदभाव के साथ मोहर्रम के आयोजन की तैयारी में एडीशनल एसपी प्यारेलाल शिवराण, सीओ रामेश्वर सहारण, सीआई अशोक विश्नोई ने सीएलजी सदस्यों की बैठक ली। इसके बाद पुलिस दल फ्लैग मार्च के लिए थाने से रवाना हुआ। मार्च दल घूमचक्कर पहुंचा व यहां से बीकानेर से आए जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने फ्लैगमार्च की अगुवाई की। फ्लैगमार्च घूमचक्कर से पुराना बस स्टैण्ड, पुलिस चौकी, हिमालय ड्रग हाऊस होते हुए मोहर्रम पर निकलने वाले ताजिए के रूट को देखा। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ थाना, शेरूणा थाना व बीकानेर से आए पुलिस टुकड़ी के जवान फ्लैगमार्च में शामिल रहे। बैठक में रामगोपाल सुथार, सोहनलाल ओझा, रामसिंह जागीरदार, चंदन सहदेवड़ा, डूंगर गुसाईं, शिव प्रजापत, जगदीश गुर्जर, सुभाष वाल्मिकी सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहें।