






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 सितबंर 2022। श्रीडूंगरगढ़ की शांत फिजाओं ने कल शाम झकझोर देने वाली घटना देखी और चारों तरफ आम नागरिकों द्वारा घटना की निंदा व भर्त्सना की जा रही है। तोलियासर पदयात्रियों के बीच कांकड़ भैरव मंदिर के नजदीक 20 वर्षीय युवक सांवरमल पुत्र औंकारमल सुथार निवासी कालूबास की चाकू मार कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने 3 को किया राउंडअप, 6-7 जनों से पूछताछ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस ने मामले में तीन जनों को राउंडअप कर लिया है और 6-7 जनों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। एडिशनल एसपी, सीओ श्रीडूंगरगढ़ व थानाधिकारी श्रीडूंगरगढ़ के निर्देशन में टीम रात भर से प्रयास करने में जुटी है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिए जाने की संभावना है। राउंडअप युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात भी सुत्रों के हवाले से सामने आ रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही होगा पोस्टमार्टम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाने की घोषणा परिजनों सहित धरने पर बैठे नेता व नागरिकों ने कर दी है। परिजनों सहित अनेक नागरिकों ने पुलिस थाने का दरवाजा नहीं छोड़ा है और सारी रात से धरना देकर वहीं बैठे है। धरनार्थियों द्वारा प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया जा रहा है। देर रात प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की। धरने पर मानमल शर्मा, रामगोपाल सुथार, रामेश्वर पारीक, छैलूसिंह, तोलाराम जाखड, रामेश्वर बाहेती, सहित अनेक पार्षद उपस्थित है। रात को अस्पताल में हरिराम बाना व थाने में विवेक माचरा, संदीप दुसाद सहित सैंकड़ो नागरिक उपस्थित रहें।
नेताओं ने गिरफ्तारी व खुलासा करने की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेताओं ने आरोपियों को गिरफ्तार करने व मामले का खुलासा करने की मांग की है। विधायक गिरधारीलाल महिया ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर हत्या के दोषियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए है। वहीं पूर्व विधायक किसनाराम नाई, यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने भी घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर हत्यारों को गिरफ्तार करने की बात कही है।
तोलियासर के ग्रामीणों ने जताया रोष, कड़ी सजा की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर भैरव मंदिर जा रहें पदयात्रियों के बीच ऐसी वारदात को अंजाम देने पर गांव तोलियासर में भी भारी रोष है। सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह, बजरंग दल शहर अध्यक्ष नवरत्नसिंह, राज सर, पत्रकार कैलाश राजपुरोहित, कमलसिंह, पृथ्वीसिंह, लक्ष्मणसिंह सहित अनेक मौजिज ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई व अपराधियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।






