






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2025। स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता व सीबीएसई खेल प्रतियोगिताओं के गत दिनों हुए आयोजनों में क्षेत्र के प्रतिष्ठित सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों ने एक दर्जन ट्रॉफिया हासिल की है। इसी उपलक्ष में गुरूवार सुबह विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ शहर के मुख्य मार्गों से विजय रैली निकाली। विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन पद्मा मूंधड़ा की प्रेरणा से आयोजित इस रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सुब्रत कुंडू, सेसोमूँ मैनेजिंग कमेटी के सदस्य सुभाष शास्त्री व महावीर माली की उपस्थिति में हुआ। रैली में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली घूमचक्कर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई विद्यालय परिसर पहुंच कर सम्पन्न हुई। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा के साथ रैली का स्वागत किया गया। प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने बताया कि बीते डेढ़ माह में विद्यालय ने राष्ट्रीय, ज़ोनल और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 12 ट्रॉफियां अर्जित की हैं, जो न केवल सेसोमूं परिवार के लिए बल्कि पूरे श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता आया है, और विद्यार्थियों की ये खेल उपलब्धियां इसी खेल संस्कृति का परिणाम है।




